वर्ल्ड कप 2027 को शुरू होने में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन उससे पहले ही एक मेजबान टीम की राह मुश्किल होती नजर आ रही है। क्रिकेट में अब तक ऐसा शायद ही कभी देखने को मिला हो कि किसी आईसीसी टूर्नामेंट का मेजबान देश ही मुख्य टूर्नामेंट में जगह न बना पाए। मगर इस बार हालात कुछ अलग दिखाई दे रहे हैं और इसकी वजह आईसीसी के नियम हैं।

नामीबिया से छीन सकता है वर्ल्ड कप खेलने का मौका

वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाना है। आमतौर पर मेजबान देशों को सीधे टूर्नामेंट में एंट्री मिल जाती है, लेकिन नामीबिया के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

दरअसल, आईसीसी के नियमों के मुताबिक केवल फुल मेंबर देशों को ही मेजबानी के आधार पर सीधा प्रवेश मिलता है। नामीबिया अभी एसोसिएट सदस्य है, इसलिए उसे बाकी टीमों की तरह क्वालीफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।

आईसीसी लीग 2 में खराब स्थिति में हैं नामीबिया की टीम

फिलहाल आईसीसी लीग-2 की अंक तालिका में नामीबिया की स्थिति खराब दिख रही है। टीम ने अब तक 28 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उसे सिर्फ 10 जीत मिली है, जबकि 16 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसी कारण वो टॉप-4 से बाहर चल रही है। उससे आगे स्कॉटलैंड, यूएसए, ओमान और नीदरलैंड्स जैसी टीमें मौजूद हैं।

टॉप 4 में जगह बनाने के लिए जीतना हैं हर मुकाबला

अगर नामीबिया को सीधे अगले स्टेज में पहुंचना है तो उसे अपने बाकी मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। जुलाई में उनके सामने नीदरलैंड्स और नेपाल की चुनौती होगी। टॉप-4 में जगह बनाने के लिए लगभग हर मैच जीतना जरूरी माना जा रहा है, जो आसान नहीं दिखता।

नामीबिया के लिए मुश्किल है वर्ल्ड कप की राह

हालांकि टीम के पास एक और रास्ता मौजूद रहेगा। यदि वह लीग-2 में शीर्ष चार में जगह नहीं बना पाती, तो उसे क्वालीफायर प्लेऑफ खेलना होगा। वहां से आगे बढ़कर मुख्य क्वालीफायर में पहुंचना और फिर वर्ल्ड कप का टिकट हासिल करना पड़ेगा। यह सफर काफी कठिन माना जा रहा है, क्योंकि वहां कई मजबूत टीमों से मुकाबला होगा।

ऐसे में संभावना बनती दिख रही है कि नामीबिया में वर्ल्ड कप के मुकाबले खेले जाएंगे, लेकिन वो टूर्नामेंट में जगह बनाने से चूक सकती है। अब सबकी नजर नामीबिया के आने वाले मैचों और उसके प्रदर्शन पर रहेगी।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version