Saturday, March 14

WPL 2026 Retention List: वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) के मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है और इस बार कई बड़े नामों पर खास ध्यान गया। भारतीय स्टार हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमाह रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा को फ्रेंचाइजियों ने रिटेन किया है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एलिसा हीली और मेग लैनिंग को रिलीज कर दिया गया है।

इसके अलावा, न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर अमेलिया केर और भारत की दीप्ति शर्मा भी रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं, जो कि बेहद ही चौंकाने वाला है। उनकी तरह कई बड़ी खिलाड़ियों के लिए अब मेगा ऑक्शन में बोली लगनी तय है और वहीं से आगे का सफर तय होगा।

WPL नियमों के अनुसार रिटेंशन

रिटेंशन नियमों के मुताबिक टीमें अधिकतम तीन कैप्ड भारतीय खिलाड़ी और अधिकतम दो विदेशी खिलाड़ी ही रिटेन कर सकती हैं। इसके साथ ही साथ, अधिकतम दो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को भी रिटेन किया जा सकता है। यदि कोई फ्रेंचाइजी पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है तो उसमें कम से कम एक खिलाड़ी अनकैप्ड होना जरूरी है।

हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना फिर से करेंगी अपनी टीमों की कप्तानी

मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत कौर को रिटेन करके फिर से उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया है। वहीं स्मृति मंधाना को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ बनाए रखा गया है। इसका मतलब है कि वह आगे भी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगी। जेमिमाह रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा भी दिल्ली कैपिटल्स के साथ बनी हुई हैं।

दीप्ति, हीली, लैनिंग और अमेलिया केर भी अब ऑक्शन में आएंगी नजर

ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली, मेग लैनिंग और न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर अमेलिया केर को रिलीज कर दिया गया है और यही वजह है कि अब ऑक्शन में प्रतिस्पर्धा और ज्यादा रोमांचक होने की उम्मीद है। हीली और दीप्ति शर्मा ने पिछले सीजन में UP वॉरियर्स का नेतृत्व किया था और अब वे दोनों ही ऑक्शन में उतरेंगी। दूसरी ओर मेग लैनिंग जैसे बड़े नाम का ऑक्शन में जाना महिला क्रिकेट के इस मंच को और भी आकर्षक बना देता है।

पर्स कटौती और बजट की स्थिति

WPL ने पर्स उपयोग के नियम स्पष्ट किए हैं कि कितने खिलाड़ियों को रिटेन करने पर कितना बजट कटेगा।

  • पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने पर 9.25 करोड़ रुपये कटेंगे
  • चार खिलाड़ियों पर 8.75 करोड़ रुपये कटेंगे
  • तीन खिलाड़ियों पर 7.75 करोड़ रुपये कटेंगे
  • दो खिलाड़ियों पर 6.0 करोड़ रुपये कटेंगे
  • एक खिलाड़ी पर 3.5 करोड़ रुपये कटेंगे

बता दें कि, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस ने अधिकतम पांच खिलाड़ी रिटेन किए हैं और अब दोनों टीमों के पास 5.75 करोड़ रुपये का पर्स बचा है। वहीं UP वॉरियर्स ने सिर्फ एक अनकैप्ड खिलाड़ी श्वेता सेहरावत को रिटेन किया है, जिसका मतलब है कि उनके पास 14.5 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा पर्स होगा और यह फ्रेंचाइजी ऑक्शन में सबसे ज्यादा लचीली स्थिति में दिखाई देगी।

पहली बार WPL ऑक्शन में लागू होगा राइट टू मैच (RTM) कार्ड

इस बार WPL में पहली बार राइट टू मैच (RTM) कार्ड की सुविधा लागू की गई है, जिसके जरिए फ्रेंचाइजी अपने पुराने खिलाड़ी को ऑक्शन में फिर से खरीद सकती हैं। हालांकि, दिल्ली और मुंबई के पास कोई RTM नहीं होगा। वहीं, UP वॉरियर्स के पास चार RTM कार्ड, गुजरात के पास तीन RTM कार्ड होंगे यानी ये टीमें ऑक्शन में गेम चेंजर मूव्स कर सकती हैं। इसके अलावा, RCB के पास एक RTM होगा।

संभावित रिटेन लिस्ट

दिल्ली कैपिटल्स (DCW): एनाबेल सदरलैंड, मारिजान कैप, जेमिमाह रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, निकी प्रसाद

मुंबई इंडियंस (MIW): हरमनप्रीत कौर, नैट सिवर ब्रंट, अमनजोत कौर, जी कमलिनी, हेली मैथ्यूज

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCBW): स्मृति मंधाना, एलिस पेरी, ऋचा घोष, श्रेयंका पाटिल

गुजरात जायंट्स (GG): एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी

UP वॉरियर्स (UPW): श्वेता सेहरावत

कब और कहां होगा WPL 2026 का ऑक्शन?

WPL 2026 का ऑक्शन 27 नवंबर को दिल्ली में होना है और इस मेगा इवेंट में हर टीम अपने स्क्वाड को सबसे मजबूत रूप देने की कोशिश करेगी। फैंस इस बार कई सरप्राइज और बड़े ट्रेड्स देख सकते हैं, क्योंकि नए नियम और बड़े नाम दोनों मिलकर ऑक्शन को शानदार बनाएंगे।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version