US Open Women Title Defenders: टेनिस इतिहास में यूएस ओपन को महिला खिलाड़ियों के लिए हमेशा एक खास मंच माना गया है। यहां कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रचा और लगातार दो या उससे ज्यादा बार खिताब जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई। 2024 में आर्यना सबालेंका ने यूएस ओपन का खिताब अपने नाम किया और अब 2025 में उनके सामने इस टाइटल को डिफेंड करने की चुनौती होगी।
अगर सबालेंका इस बार भी खिताब जीतने में सफल होती हैं तो वह लगातार दो बार यूएस ओपन का टाइटल जीतने वाली 10वीं महिला खिलाड़ी बन जाएंगी। अब तक, ओपन एरा में सिर्फ 9 महिला खिलाड़ी ही यूएस ओपन का टाइटल डिफेंड कर सकी हैं। आइए जानते हैं उन सभी महिला खिलाड़ियों के बारे में, जो यूएस ओपन का टाइटल डिफेंड कर चुकी हैं यानी लगातार दो या उससे ज्यादा बार खिताब जीत चुकी हैं।
यूएस ओपन का टाइटल डिफेंड करने वाली महिला खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
9. सेरेना विलियम्स (2012-14)
सेरेना विलियम्स यूएस ओपन इतिहास की सबसे बड़ी नामों में से एक हैं। उन्होंने छह बार यह खिताब जीता और 2012 से 2014 तक लगातार तीन बार खिताबी जीत हासिल की। सेरेना ने पहले विक्टोरिया अजारेंका को दो बार हराकर लगातार खिताब बचाया और फिर 2014 में कैरोलीन वोज़्नियाकी को हराकर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनीं।
8. किम क्लाइसटर्स (2009-10)
बेल्जियम की किम क्लाइसटर्स ने संन्यास और मां बनने के बाद जब टेनिस कोर्ट पर वापसी की तो उन्होंने यूएस ओपन में धमाकेदार प्रदर्शन किया। 2009 में उन्होंने कैरोलीन वोज़्नियाकी को हराकर खिताब जीता और अगले ही साल 2010 में वीरा ज़्वोनारेवा को आसानी से मात देकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनीं।
7. वीनस विलियम्स (2000-01)
अमेरिका की दिग्गज खिलाड़ी वीनस विलियम्स ने साल 2000 में लिंडसे डेवनपोर्ट को हराकर अपना पहला यूएस ओपन खिताब जीता। इसके बाद 2001 में उन्होंने अपनी बहन सेरेना विलियम्स को फाइनल में हराकर खिताब का बचाव किया। 2002 में वह लगातार तीसरे खिताब के करीब पहुंची थीं, लेकिन इस बार सेरेना ने उन्हें मात दी।
6. मोनिका सेलेस (1991-92)
पूर्व नंबर-1 खिलाड़ी मोनिका सेलेस ने 1991 में पहली बार यूएस ओपन जीता, जब उन्होंने नवरातिलोवा को हराया। अगले साल 1992 में उन्होंने आरांत्ज़ा सांचेज़ विकारियो को मात देकर लगातार दूसरा खिताब जीता। हालांकि बाद में उन पर हुए हमले की वजह से वह 1993 और 1994 में टूर्नामेंट नहीं खेल पाईं।
5. स्टेफी ग्राफ (1988-89, 1995-96)
स्टेफी ग्राफ ने पांच बार यूएस ओपन जीता और दो बार लगातार खिताब का बचाव किया। 1988 में उन्होंने गैब्रिएला सबातिनी को हराकर कैलेंडर स्लैम पूरा किया और अगले साल नवरातिलोवा को हराकर दूसरी बार चैंपियन बनीं। इसके बाद 1995 और 1996 में उन्होंने मोनिका सेलेस को लगातार दो बार हराकर चौथा और पांचवां यूएस ओपन खिताब जीता।
4. मार्टिना नवरातिलोवा (1983-84, 1986-87)
मार्टिना नवरातिलोवा ने कुल 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते, जिनमें से चार यूएस ओपन रहे। उन्होंने दो बार लगातार खिताब का बचाव किया। 1983 और 1984 में उन्होंने क्रिस एवर्ट को हराकर जीत हासिल की। 1985 में हारने के बाद उन्होंने 1986 में हेलेना सुकोवा और 1987 में स्टेफी ग्राफ को हराकर लगातार दो बार फिर से चैंपियन बनीं।
3. क्रिस एवर्ट (1975-78)
क्रिस एवर्ट को यूएस ओपन इतिहास की सबसे सफल खिलाड़ियों में गिना जाता है। उन्होंने छह बार यह खिताब जीता, जिसमें 1975 से 1978 तक लगातार चार बार की जीत शामिल है। एवर्ट ने पहले दो साल इवोन गुलागोंग को हराया, फिर 1977 में वेंडी टर्नबुल और 1978 में पाम श्राइवर को हराकर लगातार चौथी बार खिताब जीता। हालांकि उनका सिलसिला 1979 में टूट गया, लेकिन 1980 और 1982 में उन्होंने फिर से खिताब जीता।
2. बिली जीन किंग (1971-72)
मार्गरेट कोर्ट के बाद अमेरिका की बिली जीन किंग ने भी लगातार दो बार यूएस ओपन जीता। उन्होंने 1971 में रोज़ी कसाल्स को हराया और फिर 1972 में कैरी मेलविल को हराकर खिताब बचाया। इसके बाद 1974 में उन्होंने इवोन गुलागोंग को हराकर एक और यूएस ओपन अपने नाम किया।
1. मार्गरेट कोर्ट (1969-70)
ऑस्ट्रेलिया की मार्गरेट कोर्ट ओपन एरा में यूएस ओपन खिताब का बचाव करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। उन्होंने 1969 में नैंसी रिची को हराकर खिताब जीता और अगले ही साल रोज़ी कसाल्स को मात देकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनीं। कोर्ट ने 1973 में एक बार फिर यूएस ओपन खिताब जीता, जो उनके करियर का आखिरी ग्रैंड स्लैम खिताब साबित हुआ।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न 1. आर्यना सबालेंका ने कब यूएस ओपन जीता?
उत्तर: आर्यना सबालेंका ने 2024 में यूएस ओपन महिला सिंगल्स का खिताब जीता।
प्रश्न 2. ओपन एरा में सबसे ज्यादा यूएस ओपन किसने जीता है?
उत्तर: क्रिस एवर्ट और सेरेना विलियम्स ने ओपन एरा में छह-छह बार यूएस ओपन जीता है।
प्रश्न 3. आखिरी बार किस महिला खिलाड़ी ने लगातार यूएस ओपन जीता था?
उत्तर: सेरेना विलियम्स ने 2012 से 2014 तक लगातार तीन बार यूएस ओपन जीता।
प्रश्न 4. कौन सी खिलाड़ी ने चार बार लगातार यूएस ओपन जीता?
उत्तर: क्रिस एवर्ट ने 1975 से 1978 तक लगातार चार बार यूएस ओपन खिताब जीता।
प्रश्न 5. क्या वीनस विलियम्स ने भी यूएस ओपन का बचाव किया था?
उत्तर: हां, वीनस विलियम्स ने 2000 और 2001 में लगातार दो बार यूएस ओपन जीता।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







