गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट (IND vs NZ 2nd Test) से पहले खराब फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (KL Rahul) का समर्थन किया। गंभीर का कहना है कि, सोशल मीडिया पर आलोचना के बावजूद भारत केएल के अनुभव को कम नहीं आंकेगा।
बता दें कि, बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में केएल राहुल का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। वह पहली पारी में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटे, जबकि दूसरी पारी में अहम मौके पर 12 रन बनाकर आउट हो गए। दोनों पारियों में तेज गेंदबाज विलियम ओ’रूर्के ने उनका विकेट लिया। इसके नाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हो रही है।
“सोशल मीडिया का कोई मतलब नहीं है” – गौतम गंभीर ने केएल राहुल की फॉर्म पर कहा

गौतम गंभीर ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर किसी के बोलने का कोई मतलब नहीं है। यह जरूरी है कि, टीम मैनेजमेंट उनके बारे मे क्या सोचता है। गंभीर ने कानपुर के ग्रीन पार्क में बांग्लादेश के खिलाफ 43 गेंदों पर 68 रनों की पारी के लिए दाएं हाथ के बल्लेबाज की तारीफ भी की।
गौतम गंभीर ने दूसरे टेस्ट मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा:
सोशल मीडिया का कोई मतलब नहीं है। टीम प्रबंधन और नेतृत्व समूह क्या सोचता है, यह बहुत महत्वपूर्ण है। वह वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है, कानपुर में (बांग्लादेश के खिलाफ एक कठिन विकेट पर) उसने अच्छी पारी खेली थी।
केएल राहुल में है रन बनाने की क्षमता – गौतम गंभीर

साल 2004 से लेकर 2016 तक भारतीय टीम के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले गौतम गंभीर ने बताया कि, उच्चतम स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने पर आलोचना का दबाव भी होता है।
गंभीर ने कहा:
मुझे यकीन है कि वह (केएल राहुल) जानते होंगे कि उन्हें बड़ी पारी खेलनी है और उनमें रन बनाने की क्षमता है। इसलिए टीम ने उनका समर्थन किया है…आखिरकार, हर किसी का मूल्यांकन किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मूल्यांकन किया ही जाता है।
बता दें कि, बेंगलुरू में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसका सबसे बड़ा कारण है कि, वह पहली पारी में मात्र 46 के स्कोर पर ही सिमट गए थे। दूसरी पारी में सरफराज खान ने 150 रन और ऋषभ पंत की 99 रनों की पारी भी बेकार चली गई। हालांकि, बेंगलुरू टेस्ट में हार के बावजूद, भारत 12 में से आठ टेस्ट मैचों में जीत की बदौलत 98 अंकों के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2023-25 चक्र के अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।


