IPL 2024, CSK vs SRH: आज आईपीएल के मैच में चेन्नई सुपर किंग्स फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान के बिना सनराइजर्स हैदराबाद से खेलेगी। इस समय सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही काफी अच्छी चल रही है। सनराइजर्स हैदराबाद अपना दिन होने पर किसी भी आक्रमण की बखिया उधेड़ने में सक्षम है.
वहीं दिल्ली कैपिटल्स से पिछले मैच में मिली हार के बाद चेन्नई टीम जीत की राह पर लौटना चाहेगी. इतने लंबे टूर्नामेंट में सभी टीमों के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव आना लाजमी है. चेन्नई के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ ने पिछले मैच में मिली हार के बाद यही बात कही थी. रूतुराज गायकवाड़ और उनके सलामी जोड़ीदार रचिन रविंद्र को सनराइजर्स हैदराबाद की टाईट गेंदबाजी का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
वहीं क्रिकेटप्रेमी महेंद्र सिंह धोनी को भी आठवें नंबर से ऊपर बल्लेबाजी करते देखना चाहते थे. धोनी ने पिछले मैच में अपना पुराना फिनिशिर वाला फॉर्म दिखाते हुए 16 गेंद में 37 रन बनाये थे. लेकिन यहाँ धोनी के ऊपर आने की संभावना कम ही दिख रही है क्योंकि धोनी शिवम दुबे और समीर रिजवी को फिनिशर की भूमिका निभाते देखना चाहते हैं. गेंदबाजी में भी चेन्नई को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। चेन्नई के किफायती गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए वीजा की प्रक्रिया पूरी करने के लिए वापस बांग्लादेश लौट गए हैं.
वहीं अभी तक मुस्ताफिजूर रहमान और मथीषा पथिराना की जोड़ी सीएसके के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही थी. अब लगता है कि मुस्ताफिजूर रहमान की जगह मुकेश चौधरी ले सकते हैं जबकि शार्दुल ठाकुर ने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है. वहीँ सनराइजर्स हैदराबाद को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा. सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने मुंबई के खिलाफ दूसरे मैच में आईपीएल के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर बनाया था.
हालांकि सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल अभी तक इस सीजन के आईपीएल मैचों में प्रभावित नहीं कर सके हैं. गुजरात टाइटंस के खिलाफ सनराइजर्स के बल्लेबाज नाकाम रहे थे. वहीं गेंदबाजी में जयदेव उनादकट, मयंक मार्कण्डेय और भुवनेश्वर कुमार काफी महंगे साबित हुए थे. अभी तक भुवनेश्वर ने नई गेंद से काफी निराश किया है। और वो अभी तक तीन मैचों में तीन ही विकेट ले सके हैं. वहीँ कप्तान पैट कमिंस ने आठ रन प्रति ओवर की दर से रन दिए हैं उन्हें दूसरे छोर से सहयोग चाहिए.
IPL 2024: टीमें इस प्रकार हैं :- चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धोनी, मोईन अली, दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, रूतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अजय मंडल, मुकेश चौधरी, अजिंक्य रहाणे, शाइक रशीद, मिचेल सेंटनेर, सिमरजीत सिंह, निशांत सिंधू, प्रशांत सोलंकी, महीष तीक्षणा, रचिन रविंद्र, शार्दुल ठाकुर, डेरिल मिचेल, समीर रिजवी, मुस्ताफिजूर रहमान, अवनीश राव अरावेली.
सनराइजर्स हैदराबाद : पैट कमिंस (कप्तान), अब्दुल समाद, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्कराम, ट्रेविस हेड, वानिंदु हसरंगा, मार्को यानसेन, राहुल त्रिपाठी, वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, सनवीर सिंह, हेनरिच क्लासेन, भुवनेश्वर कुमार, मयंक अग्रवाल, टी नटराजन, अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मार्कण्डेय, उपेंद्र सिंह यादव, उमरान मलिक, नीतिश कुमार रेड्डी, फजलहक फारूकी, शाहबाज अहमद, जयदेव उनादकट, आकाश सिह, जे सुब्रहमण्यन.
मैच का समय : शाम 7.30 से.

