Top 5 Favourites for Wimbledon 2025 Women’s Singles Title: टेनिस प्रेमियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि विम्बलडन 2025 टूर्नामेंट की शुरुआत 30 जून से होने जा रही है। हर बार की तरह इस बार भी महिलाओं के सिंगल्स मुकाबलों को लेकर खासा रोमांच है। पिछले कुछ सालों में यहां कई बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं और कई नई चेहरों ने टेनिस जगत में धमाल मचाया है।
इस बार भी विम्बलडन में कुछ बेहतरीन फॉर्म में चल रहीं खिलाड़ियों पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी, जो इस प्रतिष्ठित खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। आइए जानते हैं उन पांच महिला खिलाड़ियों के बारे में, जो विम्बलडन 2025 में सिंगल्स का खिताब जीतने की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही हैं।
ये हैं विम्बलडन 2025 सिंगल्स में टाइटल जीतने की टॉप 5 प्रबल दावेदार महिला टेनिस खिलाड़ी
5. एलेना रायबाकिना (Elena Rybakina)
कजाखिस्तान की स्टार खिलाड़ी एलेना रायबाकिना इस टूर्नामेंट में 11वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के रूप में उतरेंगी। साल 2022 में विम्बलडन खिताब जीत चुकी रायबाकिना इस बार भी सभी की निगाहों में रहेंगी। हालांकि, इस साल उनका प्रदर्शन कुछ उतार-चढ़ाव भरा रहा है। बर्लिन ओपन में दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी आर्यना सबालेन्का के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जबकि उनके पास चार मैच प्वाइंट थे।
रायबाकिना 2021 से हर बार विम्बलडन के दूसरे सप्ताह तक पहुंची हैं। इस बार उनकी राह आसान नहीं होगी, क्योंकि ड्रॉ में उन्हें 5 से 8 वरीयता वाली किसी खिलाड़ी के खिलाफ खेलना पड़ सकता है। हालांकि, अगर वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म के करीब भी खेल पाईं, तो खिताब की दौड़ में बनी रहेंगी।
4. मिर्रा आंद्रीएवा (Mirra Andreeva)
महज 18 साल की रूसी खिलाड़ी मिर्रा आंद्रीएवा ने इस सीजन की शुरुआत दो लगातार WTA 1000 खिताब जीतकर की थी। हालांकि हाल के टूर्नामेंट्स में उनकी फॉर्म थोड़ी गिरती नजर आई है। आंद्रीएवा 2023 में क्वालिफायर के रूप में विम्बलडन के चौथे राउंड तक पहुंची थीं। वहीं पिछले साल 2024 में वह पहले ही राउंड में हार गईं थीं।
इस बार भी बर्लिन में उनका ग्रास कोर्ट सीजन अच्छा नहीं रहा और उन्हें जल्दी बाहर होना पड़ा। लेकिन 2025 में उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन के दूसरे सप्ताह तक का सफर तय किया है। उनकी हालिया फॉर्म को देखते हुए वे विम्बलडन 2025 में खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा सकती हैं।
3. मैडिसन कीज़ (Madison Keys)
अमेरिका की मैडिसन कीज़ इस समय छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया था। हालांकि उसके बाद उनकी फॉर्म कुछ खास नहीं रही, लेकिन फ्रेंच ओपन में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर उन्होंने फिर से अपनी ताकत दिखाई।
मैडिसन कीज़ के लिए विम्बलडन ही एकमात्र ग्रैंड स्लैम है, जहां वह सेमीफाइनल तब कभी नहीं पहुंच सकी हैं। हालाँकि, वह 2015 और 2023 में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं। अगर इस बार वह अपने सर्वश्रेष्ठ खेल के करीब भी पहुंचती हैं, तो उन्हें इस रिकॉर्ड को सुधारने का अच्छा मौका मिल सकता है।
2. कोको गॉफ (Coco Gauff)
दुनिया की नंबर 2 खिलाड़ी कोको गॉफ भी विम्बलडन 2025 में खिताब की बड़ी दावेदार हैं। हाल ही में उन्होंने फ्रेंच ओपन 2025 जीतकर अपने करियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया है। हालांकि विम्बलडन की तैयारी के लिए उन्होंने सिर्फ एक ग्रास कोर्ट मुकाबला खेला और उसमें हार गईं।
कोको गॉफ ने 2019 में बतौर 15 साल की खिलाड़ी विम्बलडन के चौथे राउंड तक पहुंचकर सबको चौंकाया था। 2021 और 2024 में भी वह चौथे राउंड तक पहुंचीं थीं, लेकिन क्वार्टर फाइनल का सपना पूरा नहीं कर पाईं। इस बार वह जबर्दस्त आत्मविश्वास के साथ कोर्ट पर उतरेंगी और उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
1. आर्यना सबालेंका (Aryna Sabalenka)
वर्ल्ड नंबर 1 आर्यना सबालेंका सबालेंका विम्बलडन 2025 में महिलाओं के टूर्नामेंट में सिंगल्स का खिताब की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही हैं। हालांकि, इस साल वह ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन दोनों के फाइनल में हार गईं थीं, जिससे उनके मन में यह टूर्नामेंट जीतने की जबरदस्त भूख होगी।
सबालेंका 2021 और 2023 में विम्बलडन सेमीफाइनल तक पहुंचीं, लेकिन जीत से चूक गईं। 2022 में उन पर बैन लगा था और 2024 में वह चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर रहीं। हालाँकि, इस बार वह पूरी तरह फिट हैं और ग्रास कोर्ट पर उनका तेज और आक्रामक खेल उन्हें बाकी खिलाड़ियों से आगे खड़ा करता है। अगर वह अपनी लय में रहीं, तो उनके लिए खिताब जीतना मुश्किल नहीं होगा।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।