U Mumba vs Bengaluru Bulls PKL 2025 Match 15 Preview: प्रो कबड्डी लीग (PKL) का 12वां सीजन जैसे-जैसे आगे बढ़टे जा रहा है, मुकाबले और भी ज्यादा रोमांचक होते जा रहे हैं। इसी कड़ी में 5 सितंबर की शाम वाइजैग के विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब में यू मुम्बा और बेंगलुरु बुल्स आमने-सामने होंगे।
यू मुम्बा ने सीजन की शानदार शुरुआत की है और अपने शुरुआती तीन मैचों में से दो में जीत हासिल की है। दूसरी ओर, बेंगलुरु बुल्स अब तक अपनी पहली जीत के लिए तरस रहे हैं। वह अब तक तीन टीमों में से एक हैं, जिन्हें एक भी जीत नहीं मिल सकी है। इस मैच की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि दोनों टीमों की कमान डिफेंसिव कप्तानों के हाथ में है। यू मुम्बा के सनिल कुमार और बेंगलुरु बुल्स के अंकुश इस मुकाबले में अपनी कप्तानी और डिफेंस से टीमों का भविष्य तय करेंगे।
मैच की जानकारी
मैच: यू मुम्बा बनाम बेंगलुरु बुल्स
टूर्नामेंट: प्रो कबड्डी लीग 2025, मैच 15
तारीख: शुक्रवार, 5 सितंबर 2025
समय: शाम 7:30 बजे
स्थान: विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब, वाइजैग
लाइव ब्रॉडकास्ट एवं लाइव स्ट्रीमिंग: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर।
अनुभवी सनिल कुमार और युवा अंकुश की कप्तानी के बीच होगी टक्कर
यह मुकाबला दो अलग-अलग दौर के डिफेंडरों की टक्कर है। सनिल कुमार को PKL इतिहास का सबसे सफल कप्तान माना जाता है। उन्होंने पिछले छह सीजन में से पांच बार अपनी टीम को प्लेऑफ तक पहुँचाया है और सीजन 9 में जयपुर पिंक पैंथर्स को खिताब भी दिलाया था। इस बार वे यू मुम्बा की कप्तानी कर रहे हैं और टीम को स्थिर शुरुआत दिलाने में सफल रहे हैं।
दूसरी ओर अंकुश, जो अभी अपने करियर के शुरुआती दौर में हैं, पहली बार बेंगलुरु बुल्स की कमान संभाल रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अंकुश ने सनिल कुमार की कप्तानी में जयपुर पिंक पैंथर्स के साथ खिताब जीता था। अब वही अंकुश बतौर कप्तान चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उनकी टीम अब तक जीत दर्ज नहीं कर पाई है और दिल्ली के खिलाफ हुए पिछले मैच में अंकुश खुद भी एक भी टैकल प्वाइंट हासिल नहीं कर सके थे।
U Mumba vs Bengaluru Bulls: संभावित प्लेइंग सेवन
यू मुम्बा
राइट कॉर्नर: रिंकू
राइट इन: संदीप
राइट कवर: सुनील कुमार (कप्तान)
सेंटर: रोहित राघव
लेफ्ट कवर: प्रवेश भैंसवाल
लेफ्ट इन: अजीत चौहान
लेफ्ट कॉर्नर: लोकेश घोसलिया
बेंगलुरु बुल्स
राइट कॉर्नर: योगेश
राइट इन: आशीष मलिक
राइट कवर: संजय
सेंटर: अलीरेज़ा मिर्ज़ायन
लेफ्ट कवर: धीरज
लेफ्ट इन: आकाश शिंदे
लेफ्ट कॉर्नर: अंकुश (कप्तान)
यू मुम्बा बनाम बेंगलुरु बुल्स हेड टू हेड रिकॉर्ड
यू मुम्बा और बेंगलुरु बुल्स का इतिहास बताता है कि इस मुकाबले में मुम्बा का पलड़ा भारी रहा है। अब तक दोनों टीमें 22 बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें यू मुम्बा ने 16 बार जीत दर्ज की है, जबकि बुल्स सिर्फ 6 बार ही विजयी हुए हैं। सीजन 9 के बाद से खेले गए 6 मुकाबलों में से भी यू मुम्बा ने 4 में जीत दर्ज की है। पिछले सीजन में दोनों भिड़ंतों में भी मुम्बा ही विजेता रही थी।
PKL 2025 में यू मुम्बा और बेंगलुरु बुल्स का प्रदर्शन
बेंगलुरु बुल्स
बेंगलुरु बुल्स का प्रदर्शन इस सीजन में अब तक उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। पहला मैच उन्होंने पुनेरी पलटन के खिलाफ टाई-ब्रेकर में गंवाया था, हालांकि उस मुकाबले में आकाश शिंदे ने सुपर 10 और अंकुश ने हाई 5 हासिल किया था। लेकिन इसके बाद दिल्ली के खिलाफ टीम का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा।
आकाश शिंदे से टीम को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन लगातार प्रदर्शन की कमी टीम की मुश्किलें बढ़ा रही है। आंकड़ों में देखें तो बुल्स की टीम औसतन 21.5 रेड प्वाइंट प्रति मैच ले रही है, जो लीग में चौथे नंबर पर है। लेकिन इन रेड प्वाइंट्स को जीत में बदलने में टीम असफल रही है।
यू मुम्बा
सनिल कुमार की कप्तानी में यू मुम्बा ने अब तक इस सीजन में अच्छा संतुलन दिखाया है। टीम ने तीनों मुकाबलों को कड़ा संघर्ष किया है। इसमें दो बार टाई-ब्रेकर तक मैच गया, जिसमें एक बार जीत और एक बार हार मिली। इसके अलावा, तमिल थलाइवाज पर मिली जीत ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है।
डिफेंस में सनिल कुमार और प्रवेश भैंसवाल की जोड़ी दमदार नजर आ रही है। वहीं, लोकेश घोसलिया ने लेफ्ट कॉर्नर में टीम को मजबूती दी है। इस कारण यू मुम्बा इस सीजन में प्लेऑफ की मजबूत दावेदार मानी जा रही है।
मैच में क्या होगा खास?
यह मुकाबला कप्तानी और रणनीति की लड़ाई साबित हो सकता है। एक ओर सनिल कुमार का अनुभव है, तो दूसरी ओर अंकुश का युवा जोश और आक्रामकता है। इसके अलावा, अजीत चौहान और आकाश शिंदे के बीच रेडिंग की टक्कर भी देखने लायक होगी। सवाल यह है कि क्या बेंगलुरु बुल्स इस सीजन की पहली जीत दर्ज कर पाएंगे या फिर यू मुम्बा अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न 1: यू मुम्बा और बेंगलुरु बुल्स का आमने-सामने का रिकॉर्ड कैसा है?
उत्तर: यू मुम्बा और बेंगलुरु बुल्स अब तक 22 बार आमने-सामने हुए हैं। इनमें से यू मुम्बा ने 16 मैच जीते हैं, जबकि बेंगलुरु बुल्स केवल 6 बार ही विजयी रहे हैं।
प्रश्न 2: इस मैच में किन खिलाड़ियों पर नज़र रहेगी?
उत्तर: यू मुम्बा के लिए अजीत चौहान मुख्य रेडर होंगे, वहीं कप्तान सनिल कुमार डिफेंस में अहम भूमिका निभाएंगे। बेंगलुरु बुल्स के लिए आकाश शिंदे और कप्तान अंकुश पर निगाहें रहेंगी।
प्रश्न 3: बेंगलुरु बुल्स अब तक क्यों जीत नहीं पाए हैं?
उत्तर: टीम ने पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन लगातार प्रदर्शन की कमी और रेड प्वाइंट्स को जीत में बदलने में नाकामी के कारण अब तक जीत से दूर है।
प्रश्न 4: यू मुम्बा की ताकत क्या है?
उत्तर: यू मुम्बा की सबसे बड़ी ताकत उसका संतुलित डिफेंस है। सनिल कुमार और पर्वेश भैंसवाल की जोड़ी के साथ-साथ लोकेश घोषलिया ने भी डिफेंस में मजबूती दी है।
प्रश्न 5: इस मैच का नतीजा क्या हो सकता है?
उत्तर: रिकॉर्ड और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यू मुम्बा का पलड़ा भारी नजर आता है, लेकिन अगर अंकुश और आकाश शिंदे अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो बेंगलुरु बुल्स उलटफेर कर सकती है।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

