टीम इंडिया के मौजूदा वनडे कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास की खबरें चल रही थीं। उन्होंने जब से टेस्ट क्रिकेट छोड़ी थी, तब से उनके वनडे के फ्यूचर को लेकर लगातार सवाल किए जा रहे थे। उसके बाद ही उनके वनडे क्रिकेट से रिटायरमेंट की चर्चा तेज हो गई थी। हालाँकि अब इस धाकड़ बल्लेबाज ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है और उन्होंने बयान भी जारी किया है।
रोहित ने कहा, फिर आकर अच्छा लग रहा है

दरअसल, टीम इंडिया के वनडे कप्तान रोहित शर्मा ने कल सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर प्रैक्टिस करते हुए अपना वीडियो डाला था। जिसमें वो यह कहते हुए भी सुने जा सकते हैं कि “मैं फिर से यहाँ हूँ और मुझे यहाँ आकर बहुत अच्छा लग रहा है।” उनके वीडियो में दिए इस बयान से साफ नजर आ रहा है कि वो अभी वनडे क्रिकेट छोड़ने के बारे में नहीं सोच रहे हैं और उनका लक्ष्य 2027 में साउथ अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप पर है।
कुछ समय पहले ये खबर आई थी कि रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट के बाद वनडे क्रिकेट भी छोड़ने जा रहे हैं। लेकिन, ऐसा नहीं है। मीडिया खबरों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज उनकी आखिरी हो सकती थी। हालाँकि योयो टेस्ट पास करने के बाद अब इस तरह की खबरों पर पूर्ण विराम लग चुका है।
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेलेंगे सीरीज
मीडिया खबरों की मानें, तो रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाली सीरीज में भी खेलते हुए दिख सकते हैं। क्योंकि, वो सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं, ऐसे में उनको लगातार क्रिकेट खेलना पड़ेगा और उनकी फॉर्म ही तय करेगी कि वो कब तक क्रिकेट खेलते हैं। इस दिग्गज बल्लेबाज ने पहले भी अपना रुख साफ कर दिया था कि वो साल 2027 का वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं।
2027 वर्ल्ड कप के लिए तैयारी शुरू
रोहित शर्मा कई बार बोल चुके हैं कि उनके लिए वनडे वर्ल्ड कप सबसे ज्यादा मायने रखता है और इसको जीतने के लिए वो पूरी कोशिश करना चाहते हैं। वो फॉर्म में बने रह सकें, इसलिए अभी से ही उन्होंने बैटिंग प्रैक्टिस शुरू कर दी है। उन्होंने अपनी फिटनेस पर भी काफी काम किया है और अब वो काफी फिट हो गए हैं।
रोहित की कप्तानी में टीम जीती लगातार दो आईसीसी ट्रॉफी
रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने पिछले 9 महीनों के अंदर दो आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। 2024 में भारतीय टीम वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए टी20 वर्ल्ड कप को जीती थी और उसके बाद इस साल की शुरुआत में दुबई और पाकिस्तान में हुई चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है, इसलिए वो 2027 के वर्ल्ड कप में खेलते हुए दिख सकते हैं।

