Puneri Platan Head Coach Ajay Thakur shares big update on Aslam Inamdar’s injury and comeback: प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में पुणेरी पलटन ने बेंगलुरु बुल्स को हराकर लगातार अपने अच्छे प्रदर्शन को बरकरार रखा। यह इस सीजन में पुणेरी पलटन की आठवीं जीत रही। दोनों टीमों के बीच मैच बेहद कड़ा रहा और परिणाम टाई-ब्रेकर में जाकर तय हुआ, जहां पुणेरी पलटन ने बाज़ी मारी। निर्णायक मोमेंट तब आया जब गौरव खत्री ने सतयप्पा मट्टी पर शानदार एंकल होल्ड लगाकर जीत टीम के नाम की।
इस जीत के साथ पुणेरी पलटन ने अंकतालिका में अपनी टॉप पोजीशन दोबारा हासिल कर ली। खास बात यह रही कि टीम ने यह मुकाबला अपने कप्तान असलम इनामदार के बिना जीता, जो चोट के चलते मैदान से बाहर थे।
बेंगलुरु बुल्स के कोच की प्रतिक्रिया
हार के बाद बेंगलुरु बुल्स के हेड कोच बी.सी. रमेश ने माना कि उनकी टीम ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन टाई-ब्रेकर में किस्मत उनके साथ नहीं रही। उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं मिला और खासतौर पर अलीरेज़ा के कई रेड असफल रहे। रमेश ने आगे यह भी कहा कि उनके सामने अब सिर्फ सात मैच बचे हैं और अगले दौर में पहुंचने के लिए कम से कम चार मुकाबले जीतने होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम अगले मैच में तमिल थलाइवाज़ के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करेगी।
पुणेरी पलटन की रणनीति पर बोले अजय ठाकुर
जीत के बाद पुणेरी पलटन के हेड कोच अजय ठाकुर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह मैच कड़ा और चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने बेंगलुरु बुल्स की तारीफ की और कहा कि उनकी टीम भी पूरी तैयारी के साथ उतरी थी। ठाकुर ने माना कि उनकी टीम को इस मैच में थोड़ी किस्मत का साथ मिला, वरना मुकाबला किसी भी दिशा में जा सकता था।
जयपुर पिंक पैंथर्स पर होगी पलटन की नजर
अब पुणेरी पलटन का अगला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स से होगा। इस बारे में अजय ठाकुर ने कहा कि जयपुर की टीम मजबूत है और उनके डिफेंस पर काफी कुछ निर्भर करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि जयपुर के रेडर नितिन धनखड़ हल्की चोट से जूझ रहे हैं, जिससे उनकी फॉर्म पर असर पड़ सकता है और यह पुणेरी पलटन के लिए फायदा साबित हो सकता है।
असलम इनामदार की चोट और वापसी की खबर
सबसे बड़ी अपडेट अजय ठाकुर ने टीम के कप्तान असलम इनामदार की चोट को लेकर दी। उन्होंने साफ किया कि असलम अब पूरी तरह फिट हैं और अगले मैच में टीम का हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि असलम इस मुकाबले में भी खेलने के लिए तैयार थे, लेकिन उन्हें आराम देना सही समझा गया ताकि चोट और न बढ़े। अजय ठाकुर ने भरोसा जताया कि जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ मैच में असलम इनामदार की 100 प्रतिशत वापसी होगी।
असलम की गैरहाजिरी में भी पुणेरी पलटन के पास सचिन और पंकज जैसे विकल्प मौजूद थे, जिन्होंने टीम की रेडिंग डिपार्टमेंट को संभालते हुए जीत में योगदान दिया। यह टीम के संतुलित खेल का सबूत है कि कप्तान के बिना भी पाटलन ने टॉप पोजीशन हासिल की।
पुणेरी पलटन की यह जीत दिखाती है कि टीम केवल एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं है, बल्कि पूरी यूनिट मिलकर शानदार प्रदर्शन कर रही है। असलम इनामदार की वापसी से टीम और मजबूत होगी और आगामी मैचों में जयपुर पिंक पैंथर्स जैसे बड़े विरोधियों के खिलाफ उनकी चुनौती और दमदार नजर आएगी।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

