वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर बर्नार्ड जूलियन का त्रिनिदाद के वाल्सेन में निधन हो गया। वह 1975 में पहली बार वर्ल्ड कप जीतने वाली विंडीज टीम का हिस्सा थे। उन्होंने अपने करियर के दौरान 24 टेस्ट और 12 वनडे मैचों में कैरेबियाई टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने 68 विकेट लिए और बल्लेबाज़ी से 952 रन बनाए।
बर्नार्ड जूलियन का हुआ 75 वर्ष की आयु में निधन

बर्नार्ड जूलियन का 75 वर्ष की आयु में निधन हुआ है। इस दिग्गज खिलाड़ी ने 1975 में पहले वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 20 रन देकर 4 विकेट लिए और फिर सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ 27 रन देकर 4 विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
Also Read: मात्र 21 मिनट में सेंचुरी, गेल, डिविलयर्स नहीं बल्कि इस बल्लेबाज ने जड़ा है सबसे तेज शतक
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में उन्होंने अपने बल्ले से प्रभावित किया था। इस खिताबी मुकाबले में धाकड़ खिलाड़ी ने अपने बल्ले से 37 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली थी। इस टूर्नामेंट ने उन्हें एक खतरनाक ऑलराउंडर के रूप में स्थापित किया, जो अपनी सीम गेंदबाज़ी के साथ ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी के लिए जाने जाते थे।
क्लाइव लॉयड ने जताई संवेदना
बर्नार्ड को याद करते हुए वेस्टइंडीज के महान कप्तान क्लाइव लॉयड ने कहा, “उन्होंने हमेशा अपना 100 प्रतिशत दिया। वह बल्ले और गेंद दोनों से काफी भरोसेमंद खिलाड़ी थे। उन्होंने हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। वह एक शानदार क्रिकेटर थे। जूलियन का टेस्ट करियर भी यादगार रहा। 1973 में, इस दिग्गज खिलाड़ी ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ मैच जिताऊ 121 रन बनाए, जबकि अगले साल उन्होंने उसी टीम के खिलाफ पांच विकेट भी लिए।”
लॉयड ने आगे कहा, “हम सभी उनका बहुत सम्मान करते थे। वह काफी मज़ाकिया किस्म के इंसान थे। लॉर्ड्स में जीत के बाद, हमने प्रशंसकों को ऑटोग्राफ देने में काफी समय बिताया। जूलियन का हर जगह सम्मान किया जाता था।”
रंगभेद के चलते करियर पर अचानक से लगा पूर्णविराम
बर्नार्ड ने 1970 से 1977 तक इंग्लिश काउंटी टीम केंट के लिए खेला। हालाँकि, 1982-83 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर उनका अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया। उस समय दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद चरम पर था। वह दक्षिण अफ्रीका दौरे पर आई बगावती वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे। जिसके बाद उन्हें दोबारा कभी वेस्टइंडीज टीम में जगह नहीं दी गई थी।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भी जताया शोक
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. किशोर शैलो ने एक बयान जारी कर कहा कि बर्नार्ड जूलियन को सम्मानित करते हुए हमें उस दौर की घटनाओं को समझ के साथ देखना चाहिए। हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी। उन्होंने जो विरासत छोड़ी है, वह हमेशा अमर रहेगी।

