भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 350 खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी की है, जिन पर 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली आईपीएल 2026 नीलामी में बोली लगेगी। इनमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। कई अनुभवी खिलाड़ी इस नीलामी को अपने लिए आखिरी बड़ा मौका मान रहे हैं। फ्रेंचाइजियों के पास कुल 77 जगहें खाली हैं, जिन्हें उन्हें भरना है। ऐसे में कई सीनियर खिलाड़ी उम्मीद कर रहे हैं कि उनका अनुभव टीमों को आकर्षित करेगा और वे एक बार फिर आईपीएल में खेल पाएं। इस आर्टिकल में हम उन पाँच खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी उम्र इस नीलामी में सबसे अधिक है।
5. ड्वेन प्रिटोरियस- 37 वर्ष
दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस नीलामी सूची में शामिल सबसे अनुभवी विदेशी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। घुटने की चोटों की वजह से उनका करियर देर से चला, लेकिन बाद में उन्होंने तीनों फॉर्मेट में अपने देश के लिए खेला। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट लिए थे, जो दक्षिण अफ्रीका की ओर से टी-20 में अब तक का सबसे अच्छा गेंदबाज़ी प्रदर्शन है। आईपीएल में वह सीएसके के लिए सात मैच खेल चुके हैं और छह विकेट ले चुके हैं। उनका बेस प्राइस 1 करोड़ है, जिससे वह उन टीमों के लिए बढ़िया विकल्प बन जाते हैं, जिन्हें अनुभव और कौशल दोनों चाहिए।
4. कर्ण शर्मा- 38 वर्ष
लेग स्पिनर कर्ण शर्मा आईपीएल 2026 की नीलामी में शामिल होने वाले सबसे उम्रदराज़ भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं। वह 2014 में तब चर्चा में आए थे जब सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 3.75 करोड़ में खरीदा था। उन्होंने एमआई, सीएसके और आरसीबी जैसी बड़ी टीमों के लिए खेला है, जिससे उनकी पहचान एक भरोसेमंद विकेट लेने वाले गेंदबाज़ के तौर पर बनी। उनके पास 90 आईपीएल मैचों में 83 विकेट का रिकॉर्ड है। 2025 में भी उन्होंने एमआई के लिए इंपैक्ट प्लेयर की भूमिका निभाते हुए सात विकेट लिए थे। किसी भी टीम को अगर अनुभवी स्पिनर की ज़रूरत होगी, तो उनका अनुभव काफी काम आ सकता है।
3. उमेश यादव- 38 वर्ष
भारतीय अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ उमेश यादव अभी भी नीलामी में ध्यान खींचने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। वह अपनी तेज़ रफ़्तार और स्विंग दोनों के लिए मशहूर हैं। आईपीएल में उन्होंने अब तक 148 मैच खेले हैं और 144 विकेट लिए हैं। उनका सबसे अच्छा सीज़न 2018 में रहा था, जब उन्होंने आरसीबी के लिए 20 विकेट लिए थे। इसके बाद 2022 में उन्होंने केकेआर के साथ शानदार वापसी की थी। 2025 की नीलामी में वह चोट की वजह से नहीं बिक पाए, लेकिन हाल ही में उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए विदर्भ की टीम में दोबारा शामिल किया गया है। 1.5 करोड़ के बेस प्राइस के साथ वह नई गेंद से अनुभव देने वाले एक भरोसेमंद तेज़ गेंदबाज़ साबित हो सकते हैं।
2. रिचर्ड ग्लीसन- 38 वर्ष
इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ रिचर्ड ग्लीसन एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और आईपीएल में खेलने का मौका ढूँढ रहे हैं। उन्होंने 34 साल की उम्र में इंग्लैंड के लिए पहला मैच खेला और अपनी शुरुआती कुछ ही गेंदों में रोहित शर्मा, विराट कोहली और ऋषभ पंत जैसे बड़े बल्लेबाज़ों को आउट करके सबका ध्यान खींच लिया। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने नॉर्थम्पटनशायर, लंकाशायर और कई टी-20 लीगों में खेला है। 2024 में वह थोड़े समय के लिए चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा भी रहे और अच्छा प्रदर्शन किया। उनका बेस प्राइस 75 लाख है, जिससे वह उन टीमों के लिए एक सस्ता और भरोसेमंद विकल्प बन जाते हैं, जिन्हें अनुभवी विदेशी तेज़ गेंदबाज़ की ज़रूरत है।
1. जलज सक्सेना- 39 वर्ष
आईपीएल 2026 नीलामी में सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी जलज सक्सेना हैं, जिनका बेस प्राइस 40 लाख रखा गया है। वह घरेलू क्रिकेट के बहुत अनुभवी खिलाड़ी हैं। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 6000 से ज़्यादा रन बनाए हैं और 400 से ज़्यादा विकेट भी लिए हैं। ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने करियर में मध्य प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र की टीमों के लिए खेला है। उनके ऑलराउंडर खेल की पूरे घरेलू सर्किट में काफी तारीफ़ होती है। हालांकि आईपीएल में उन्हें ज़्यादा मौके नहीं मिले है।
यह भी पढ़े: 5 अनकैप्ड तेज गेंदबाज़ जो इस बार के IPL ऑक्शन में बन सकते हैं करोड़पति

