श्रीलंका ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टूर्नामेंट की मेजबानी इस बार जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से कर रहे हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी।
इस मल्टीनेशनल इवेंट की शुरुआत 15 जनवरी से होनी हैं। अब तक कई देशों ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया हैं। क्योंकि, अब टूर्नामेंट को शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं।
ग्रुप सी में हैं श्रीलंका

श्रीलंका की टीम को ग्रुप C में रखा गया है, जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया, जापान और आयरलैंड से होगा। ग्रुप स्टेज में श्रीलंका अपना पहला मुकाबला 17 जनवरी को जापान के खिलाफ खेलेगी।
इसके बाद टीम 19 जनवरी को आयरलैंड से भिड़ेगी, जबकि ग्रुप चरण का आखिरी मैच 23 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जाएगा। श्रीलंका अपने सभी ग्रुप मैच नामीबिया के विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेलेगी।
विमथ दिंसारा को बनाया गया कप्तान
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इस टूर्नामेंट के लिए विमथ दिंसारा को टीम की कप्तानी सौंपी है। दिंसारा ने हाल के यूथ वनडे मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले 10 मैचों में उन्होंने दो बार नाबाद रहते हुए शानदार पारी खेलते हुए दो अर्धशतक भी लगाए हैं। वहीं, कविजा गमागे को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
पहले खिताब पर हैं श्रीलंका की नजरें
आपको बता दें, कि श्रीलंका की अंडर-19 टीम अब तक एक बार भी यह वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है और इस बार वह अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पिछली बार साल 2024 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने थे। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था।
इस बार भी ऑस्ट्रेलिया को खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा भारत और इंग्लैंड की टीमें भी ट्रॉफी जीतने की रेस में आगे मानी जा रही हैं।
अंडर 19 वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका की टीम
विमथ दिंसारा (कप्तान), कविजा गामागे (उप कप्तान), वीरन चामुदिथा, डुलनिथ सिगेरा, दिमंथा महाविथाना, चमिका हेंतिगाला, चमारिन्दु नेथसारा, सेठमिका सेनेविरत्ने, एडम हिल्मी, कुगाथास मथुलन, रसिथ निमसारा, मालिन्था सिल्वा, विग्नेश्वरन आकाश, जीवनंथा श्रीराम, सेनुजा वेकुनागोडा।

