भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर ‘गब्बर’ अब दूसरी शादी की तैयारी कर रहे हैं। शिखर धवन अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं सोफी शाइन के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। सोफी आयरलैंड की रहने वाली हैं और दोनों काफी समय से एक-दूसरे के साथ हैं।
पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में दिखे थे साथ

शिखर धवन और सोफी शाइन को पहली बार 2025 में दुबई में हुई चैंपियंस ट्रॉफी के एक मैच के दौरान साथ देखा गया था। उस समय दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया था, लेकिन स्टेडियम में उनकी मौजूदगी के बाद चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इसके कुछ महीनों बाद, मई 2025 में दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक साथ तस्वीर साझा कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से स्वीकार किया।
प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं सोफी शाइन
सोफी शाइन पेशे से प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं। उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। फिलहाल वह नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। यह एक बड़ी फाइनेंशियल सर्विस कंपनी है, जिसका ऑफिस अबू धाबी में स्थित है।
इसके अलावा सोफी शिखर धवन फाउंडेशन से भी जुड़ी हुई हैं और इसकी अहम सदस्य हैं। यह फाउंडेशन धवन के स्पोर्ट्स ग्रुप ‘Da One Sports’ से जुड़ा हुआ है, जो खेल और समाजसेवा से जुड़े कार्य करता है। आईपीएल 2024 के दौरान भी सोफी को कई बार शिखर धवन के साथ देखा गया था, जब वह पंजाब किंग्स की ओर से खेल रहे थे।
धवन फरवरी के तीसरे हप्ते में कर सकते हैं शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिखर धवन और सोफी शाइन की शादी फरवरी के तीसरे हफ्ते में हो सकती है। यह शादी दिल्ली-एनसीआर में होगी और इसे निजी लेकिन भव्य समारोह बताया जा रहा है, जिसमें परिवार के करीबी लोग और कुछ खास दोस्त शामिल होंगे।
यह गौर करने वाली बात है कि शिखर धवन की यह दूसरी शादी होगी। उनकी पहली शादी 2012 में आयशा मुखर्जी से हुई थी और दोनों का एक बेटा जोरावर है। आपसी मतभेदों के चलते दोनों अलग हो गए थे और अक्टूबर 2023 में उनका तलाक हो गया था।

