टीम इंडिया और न्यूज़ीलैंड के बीच वनडे सीरीज़ खेली जा रही है। 3 मैचों की सीरीज़ में अब तक 2 मैच खेले जा चुके हैं। सीरीज़ 1-1 की बराबरी पर खड़ी हुई है। तीसरा और निर्णायक मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाना है। इसके बाद टी20 सीरीज़ शुरू होगी। हालाँकि उससे पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लग गया है। टीम के स्टार ऑलराउंडर चोट के चलते सीरीज़ से बाहर हो सकते हैं।
टी20 सीरीज़ से बाहर हो सकते हैं सुंदर

आपको बता दें कि टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर चोट के चलते वनडे के बाद अब टी20 सीरीज़ से भी बाहर हो सकते हैं। उन्हें पहले वनडे के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया था, जिसके बाद उन्होंने अपने कोटे के पूरे ओवर गेंदबाज़ी किए बिना ही फील्ड छोड़ दी थी। हालाँकि मैच फँसने के बाद उन्हें बल्लेबाज़ी करने के लिए आना पड़ा था और उन्होंने नाबाद 7 रन बनाए थे।
मीडिया ख़बरों की मानें तो वे टी20 सीरीज़ तक पूरी तरह से फिट नहीं हो पाएंगे, जिसके चलते उन्हें बाहर होना पड़ सकता है। यही नहीं, टी20 वर्ल्ड कप में भी वे पूरी तरह से फिट हो पाएंगे या नहीं, इसके बारे में कहना मुश्किल है।
सुंदर का चोटों का रहा है पुराना इतिहास
सुंदर का चोटों का पुराना इतिहास रहा है। वे हमेशा बड़े टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले या बीच में ही चोट के चलते बाहर होते रहे हैं। वाशिंगटन को हैमस्ट्रिंग इंजरी पिछले कुछ समय से परेशान कर रही है। वाशी को स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अब उनकी चोट की वजह से उनका इस टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल लग रहा है।
वाशिंगटन की जगह आयुष बडोनी को टीम में किया गया शामिल
वनडे सीरीज़ के लिए वाशिंगटन सुंदर की जगह टीम में दिल्ली के युवा खिलाड़ी आयुष बडोनी को जगह दी गई थी। हालाँकि उन्हें दूसरे वनडे में खेलने का मौका नहीं मिल पाया था, क्योंकि उनकी जगह नितीश रेड्डी को प्लेइंग 11 में खिलाया गया था।
वाशिंगटन के चोटिल होने से टीम इंडिया का प्लेइंग कॉम्बिनेशन भी बिगड़ गया है। अब उनकी जगह पर नितीश रेड्डी को मौका तो दिया गया, लेकिन वे कुछ ख़ास नहीं कर पाए थे। वे न तो बल्लेबाज़ी में कुछ ख़ास कर पाए थे और गेंदबाज़ी में उन्हें मात्र 2 ओवर गेंदबाज़ी मिली थी।

