इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक ने अभी तक पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी शुरू नहीं की है। मैच फिटनेस हासिल करने के लिए उन्हें कुछ और समय की जरूरत है। पिछले कुछ महीनों में चोटों से परेशान रहे हार्दिक की रिकवरी पर मेडिकल टीम लगातार नजर बनाए हुए है, और चयनकर्ता उनकी वापसी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते।
हार्दिक की अनुपस्थिति टीम इंडिया के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। वह बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। फिलहाल टीम प्रबंधन का मुख्य लक्ष्य उन्हें पूरी तरह फिट करना है, ताकि वह आने वाले अहम अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में मजबूत वापसी कर सकें।
हार्दिक पांड्या के फिटनेस पर क्या है अपडेट
सूत्रों की मानें तो हार्दिक पांड्या अभी गेंदबाजी के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। वनडे क्रिकेट की मांग के अनुसार मैच फिटनेस हासिल करने के लिए उन्हें कुछ और समय की जरूरत है। यही वजह है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
आईपीएल 2026 के दौरान पीठ की चोट से परेशान रहे हार्दिक ने हाल ही में बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना फिटनेस टेस्ट पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 10 ओवर गेंदबाजी भी की, लेकिन टीम प्रबंधन का मानना है कि उन्हें अभी पूरी तरह मैच फिट होने के लिए और समय चाहिए।
भारतीय चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट उनकी वापसी को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते। उनका पूरा ध्यान इस बात पर है कि हार्दिक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटें और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अपनी शानदार लय में नजर आएं।
यह भी पढ़े: क्यों भारतीय महिला क्रिकेट टीम है खिताब की सबसे बड़ी दावेदार? जानें मुख्य कारण
अफगानिस्तान सीरीज के बाद अब इंग्लैंड सीरीज से भी बाहर हुए पांड्या
रिहैबिलिटेशन के दौरान हार्दिक पांड्या को एक और चोट का सामना करना पड़ा। इस महीने की शुरुआत में उनके क्वाड्रिसेप्स में नई चोट उभर आई, जिसके चलते उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिटनेस टेस्ट के दौरान अपेक्षा से अधिक गेंदबाजी करने की वजह से यह समस्या बढ़ी हो सकती है।
आईपीएल 2026 का सीजन भी हार्दिक के लिए चोटों से प्रभावित रहा। फिटनेस संबंधी परेशानियों के कारण वह पूरे टूर्नामेंट में लगातार उपलब्ध नहीं रह सके और कई मुकाबलों से बाहर रहे। उनकी अनुपस्थिति का असर न केवल उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन पर पड़ा, बल्कि टीम के संतुलन और संयोजन पर भी देखने को मिला।
यह भी पढ़े: Major League Cricket 2026 टीमें, कप्तान, शेड्यूल, लाइव स्ट्रीम की सभी जानकारी
हार्दिक पांड्या का वनडे करियर
हार्दिक पांड्या ने अब तक अपने वनडे करियर में 94 मुकाबले के 68 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 1,904 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 11 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 32.82 और स्ट्राइक रेट 110.89 का रहा है, जबकि वनडे में उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 92 रन क है।
गेंदबाजी में भी हार्दिक ने अहम योगदान दिया है। उन्होंने 88 पारियों में 91 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 35.50 रहा है, जबकि एक पारी में 24 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है। अपनी ऑलराउंड क्षमता के दम पर हार्दिक भारतीय टीम के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।

