ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 फाइनल में इतिहास दांव पर होगा जब नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्कराज मेलबर्न में आमने सामने उतरेंगे।
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का पुरुष सिंगल्स फाइनल टेनिस प्रेमियों के लिए खास होने वाला है। इस मुकाबले में स्पेन के कार्लोस अल्कराज (Carlos Alcaraz) और सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) मेलबर्न के रॉड लेवर एरीना में खिताब के लिए भिड़ेंगे।
यह मुकाबला सिर्फ एक ट्रॉफी के लिए नहीं है, बल्कि दोनों खिलाड़ियों के सामने इतिहास बनाने का मौका है। इसी वजह से यह फाइनल पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नोवाक जोकोविच बनाम कार्लोस अल्कराज ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 फाइनल मैच कब खेला जाएगा?
- तारीख: 1 फरवरी 2026
- समय: भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे
- स्थान: Rod Laver Arena
अल्कराज के सामने ऐतिहासिक मौका, जोकोविच की नजर रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम पर
22 साल के कार्लोस अल्कराज इस मैच को जीतते ही इतिहास रच सकते हैं। अगर वह मेलबर्न में जीत दर्ज करते हैं, तो वह टेनिस इतिहास में चारो ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएँगे। बता दें कि, अलकराज अब तक अपने करियर में सिर्फ ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब ही नहीं जीत सके हैं। खास बात यह है कि यह पहली बार है, जब वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में क्वार्टर फाइनल से आगे पहुंचे हैं।
दूसरी तरफ, 38 साल के नोवाक जोकोविच के सामने भी बड़ा रिकॉर्ड है। अगर वह यह फाइनल जीतते हैं, तो वह 25 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। हालाँकि, इस समय भी वह 24 खिताबों के साथ दुनिया में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी हैं।
इसके साथ ही जोकोविच ओपन एरा में कोई ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष चैंपियन भी बन जाएंगे। वह पहले ही 10 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत चुके हैं, जो अपने आप में ही एक रिकॉर्ड है।
दोनों खिलाड़ियों का सेमीफाइनल से फाइनल तक का सफर कैसा रहा है
दोनों खिलाड़ी फाइनल तक बेहद थकाने वाले मुकाबलों से होकर पहुंचे हैं। अल्कराज ने सेमीफाइनल में अलेक्जेंडर ज्वेरेव को पांच घंटे 27 मिनट चले मुकाबले में हराया। यह मैच टूर्नामेंट इतिहास का सबसे लंबा सेमीफाइनल रहा।
वहीं, जोकोविच ने डिफेंडिंग चैंपियन यानिक सिनर को चार घंटे नौ मिनट तक चले मुकाबले में हराया और अपने क्लासिक अंदाज की झलक दिखाई।
नोवाक जोकोविच बनाम कार्लोस अल्कराज हेड टू हेड रिकॉर्ड
अल्कराज और जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल में 10वीं बार आमने-सामने होने जा रहे हैं। अब तक इस राइवलरी में जोकोविच 5-4 से आगे हैं।
बता दें कि, हार्ड कोर्ट पर भी जोकोविच का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, लेकिन ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में अल्कराज 3-2 से आगे हैं। दोनों खिलाड़ी इससे पहले दो बार विंबलडन फाइनल में आमने-सामने आ चुके हैं, जहां दोनों ही बार अल्कराज ने जीत दर्ज की थी।
जोकोविच बनाम अल्कराज ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 फाइनल मैच भारत में लाइव कैसे देखें?
नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्कराज के बीच खेले जाने वाले ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकती है। वहीं, टीवी पर यह मुकाबला Sony Ten 3, Sony Ten 3 HD, Sony Ten 4, Sony Ten 4 HD, Sony Ten 5 और Sony Ten 5 HD चैनलों पर लाइव दिखाया जाएगा।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

