भारतीय महिला क्रिकेट टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां वह तीनों फॉर्मेट सीरीज में हिस्सा ले रही है। टीम इंडिया ने इस दौरे की शुरुआत शानदार तरीके से की और तीन मैचों की टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की है। हालांकि, वनडे सीरीज में वह उसी लय को कायम नहीं रख सकी और मेजबान टीम से हार झेलनी पड़ी। तीन मैचों की वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। अब दोनों टीमें एकमात्र टेस्ट मुकाबले में आमने-सामने होंगी, जो 6 मार्च से पर्थ में खेला जाएगा। इस टेस्ट के लिए दोनों टीमें तैयारियों में लगी हुई हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में दो नए अनकैप्ड खिलाडियों को भी शामिल किया है।
टेस्ट स्क्वाड में 2 अनकैप्ड खिलाडियों की एंट्री
किम गार्थ भारत के खिलाफ पर्थ में खेले जाने वाले टेस्ट मैच से बाहर हो गई हैं। उनकी गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया ने दो नए चेहरों रेचल ट्रेनमैन और मैटलन ब्राउन को टीम में शामिल किया है। दोनों खिलाडियों ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है।
WACA Ground पर होने वाले इस टेस्ट मुकाबले में इन दोनों के डेब्यू की संभावना है, खासकर इसलिए क्योंकि अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी का चार दिवसीय मैच में खेलना अब भी पक्का नहीं है। 24 वर्षीय रेचल ट्रेनमैन ऑलराउंडर हैं, जबकि 28 वर्षीय मैटलन ब्राउन तेज गेंदबाज के रूप में टीम का हिस्सा बनी हैं।
एलिस पैरी की फिटनेस पर सवाल
एलिस पेरी क्वाड की चोट ( जांघ के सामने की मांसपेशियों में खिंचाव ) से जूझ रही हैं और अगर वह समय पर फिट हो जाती हैं तो पर्थ टेस्ट में केवल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर खेल सकती हैं। वहीं तेज गेंदबाज किम गार्थ पहले ही चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो चुकी हैं।
टीम की कप्तान सोफी मोलिनेक्स भी पीठ दर्द के चलते यह मैच नहीं खेल पाएंगी। ऐसे में एलिसा हीली एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगी। यह उनके संन्यास से पहले का आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा। हीली ने 1 मार्च को होबार्ट में भारत के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में 158 रनों की शानदार पारी खेली थी। अब मोलिनेक्स की गैरमौजूदगी में पर्थ टेस्ट में भी एलिसा हीली ही टीम की अगुवाई करेंगी।
यह भी पढ़े: महिला वनडे इतिहास के टॉप 10 सबसे बड़े टीम स्कोर, 491 रनों का रिकॉर्ड अब भी अटूट
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम का टेस्ट स्क्वाड: एलिसा हीली (कप्तान), डार्सी ब्राउन, मैटलन ब्राउन, एशले गार्डनर, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, फोएबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्राथ, एलिस पेरी, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम, रेचल ट्रेनमैन।
भारतीय महिला टीम का टेस्ट स्क्वाड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, उमा छेत्री, काशवी गौतम, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देयोल, प्रतीका रावल।

