SRH के लिए ईशान किशन के 38 गेंदों में 80 रन बनाने के बावजूद RCB ने सिर्फ 15.4 ओवरों में जीत हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पूरी तरह दबदबा दिखाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हरा दिया। देवदत्त पदिक्कल और विराट कोहली की शानदार पारियों की बदौलत मेजबान टीम ने आसान जीत हासिल करते हुए सीजन की बेहतरीन शुरुआत की।
इस मुकाबले में SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए, लेकिन RCB ने इस बड़े लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवरों में 203/4 बनाकर हासिल कर लिया। यह जीत सिर्फ जीत नहीं थी, बल्कि RCB की बल्लेबाजी की ताकत का साफ संदेश भी थी।
ईशान किशन ने 38 गेंदों में बनाए 80 रन, फिर भी टीम हार गई
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी SRH की शुरुआत खराब रही। उन्होंने 4.2 ओवरों में ही मात्र 29 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 8 गेंदों में 7 रन, ट्रैविस हेड 9 गेंदों में 11 रन और नीतिश कुमार रेड्डी 6 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन ने 22 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन ठोक दिए, जिसमें 4 छक्के शामिल थे। इन पारियों की मदद से SRH 201/9 तक पहुंच गई।
जैकब डफी और शेफर्ड ने लिए 3-3 विकेट
RCB की गेंदबाजी में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी सबसे सफल साबित हुए। उन्होंने 4 ओवरों में 22 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा, रोमारियो शेफर्ड ने भी 3 विकेट हासिल किया, लेकिन 54 रन खर्च कर डाले। भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि सुयश शर्मा ने 3 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट झटका।
पडिक्कल ने खेली 26 गेंदों में 61 रनों की तूफानी पारी, कोहली अंत तक रहे नाबाद
202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB की शुरुआत जल्दी झटके के साथ हुई, जहां फिल साल्ट 7 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मैच को पूरी तरह बदल दिया। पडिक्कल ने सिर्फ 26 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
उनके अलावा विराट कोहली ने 38 गेंदों में 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 69* रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने भी 12 गेंदों में 31 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के शामिल थे। अंत में टिम डेविड ने भी 10 गेंदों में 16* रन बनाए और 15.4 ओवरों में रन चेज पूरा करने में अपनी भूमिका निभाई।
SRH की गेंदबाजी रही पूरी तरह फ्लॉप
इस मैच में SRH के गेंदबाज बेअसर रहे। जयदेव उनादकट ने 3 ओवरों में 29 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि डेविड पेन ने 3 ओवरों में 35 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके अलावा हर्ष दुबे ने 3 ओवर में 35 रन देकर 1 विकेट लिया। हालांकि, सभी गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए और रन रोक नहीं पाए, जिसके चलते उन्हें आसानी से हार झेलनी पड़ी।
RCB ने बतौर डिफेंडिंग चैंपियन अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की है। 202 रन जैसे बड़े लक्ष्य को 15.4 ओवरों में चेज करना टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा। वहीं SRH के लिए यह हार चिंता का विषय है, क्योंकि 201 रन बनाने के बावजूद वे मैच में कभी भी पकड़ नहीं बना पाए।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

