IPL 2026 Record: आईपीएल 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया है। वह इस सीजन में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। संजू ने सिर्फ 52 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही है। शुरुआत से ही संजू अच्छी लय में दिखे और उन्होंने पूरे मैदान में शानदार शॉट्स लगाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
आईपीएल में संजू सैमसन के शतक, जानें किसके खिलाफ बनाए रन
संजू सैमसन के लिए यह आईपीएल का चौथा शतक है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में शुभमन गिल और डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली है। इन दोनों बल्लेबाजों के नाम भी अब 4-4 आईपीएल शतक दर्ज हैं।
वहीं आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 8 शतक जड़े हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर जोस बटलर हैं, जिनके नाम 7 शतक हैं। क्रिस गेल ने आईपीएल में 6 शतक लगाए हैं, जबकि केएल राहुल ने अब तक 5 शतक पूरे किए हैं।
संजू सैमसन की सेंचुरी लिस्ट: किस-किस टीम के खिलाफ चला बल्ला
संजू सैमसन ने अपना पहला आईपीएल शतक साल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ लगाया था। उस मैच में उन्होंने 63 गेंदों पर 102 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने अगली सेंचुरी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए नाबाद 102 रन बनाए थे। 2021 में संजू ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 63 गेंदों में 119 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।
अब उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक और शतक जड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक लगाने वाले वह चेन्नई सुपर किंग्स के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा 2012 में इसी मैदान पर मुरली विजय ने किया था, जब उन्होंने 58 गेंदों पर 113 रन बनाए थे।
धोनी का रिकॉर्ड टूटा, संजू सैमसन ने रचा इतिहास
संजू सैमसन अब आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
एमएस धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बतौर विकेटकीपर सबसे बड़ी पारी 84 रनों की खेली थी, लेकिन अब यह रिकॉर्ड संजू सैमसन के नाम हो गया है।हालांकि धोनी आमतौर पर मिडिल ऑर्डर या निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, जबकि संजू सैमसन टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं। संजू इस आईपीएल में पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं और अपने पहले ही सीजन में उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

