आईपीएल 2026 में अब तक अनकैप्ड भारतीय गेंदबाजों का दबदबा रहा है।
आईपीएल 2026 के अब तक के आधे सफर ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। जहाँ एक तरफ रनों की सुनामी आ रही है और 200+ का स्कोर अब आम हो गया है, वहीं गेंदबाजी में एक ऐसा बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
इस सीजन में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जैसे कैप्ड दिग्गज गेंदबाज वह असर नहीं छोड़ पा रहे हैं, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। उनकी जगह उन ‘गुमनाम’ भारतीय तेज गेंदबाजों ने ली है, जिनके पास अभी तक टीम इंडिया की टोपी भी नहीं है।
आंकड़ों में छिपी है बड़ी सच्चाई, आईपीएल 2026 में अब तक रहा है अनकैप्ड गेंदबाजों का दबदबा
यदि आईपीएल 2026 के शुरुआती 34 मैचों का विश्लेषण करें तो चौंकाने वाला डेटा सामने आता है। इस बार अनकैप्ड भारतीय गेंदबाजों ने अब तक 80 विकेट चटकाए हैं। यह आईपीएल इतिहास में इस पड़ाव पर अनकैप्ड गेंदबाजों का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
लेकिन असली कहानी विकेटों की संख्या में नहीं, बल्कि औसत में है। जहाँ इस सीजन अब तक अनुभवी कैप्ड गेंदबाजों का औसत 35.17 का रहा है, वहीं इन अनकैप्ड युवाओं ने केवल 24.98 की औसत से विकेट झटके हैं। यह फासला इतना बड़ा है कि दिग्गज क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं।
प्रिंस यादव सहित प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन जैसे युवाओं ने किया प्रभावित
आईपीएल 2026 के सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के अनकैप्ड तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, जो फिलहाल पर्पल कैप की रेस में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। उन्होंने अब तक 7 मैचों में 13 विकेट चटकाकर बड़े-बड़े बल्लेबाजों की नाक में दम कर रखा है।
इतना ही नहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने अपने डेब्यू मैच में ही 4-4 विकेट लेकर सनसनी मचा दी। इसके अलावा अश्वनी कुमार और रसिख सलाम डार ने भी अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से यह साबित कर दिया है कि आईपीएल 2026 अब सिर्फ बड़े नामों का मोहताज नहीं रह गया है।
आईपीएल 2026 में दिग्गजों की चमक क्यों हुई फीकी?
आईपीएल 2026 में भारतीय कैप्ड गेंदबाजों (जैसे बुमराह, शमी, सिराज) का प्रदर्शन फीका रहने की सबसे बड़ी वजह बल्लेबाजों का खौफनाक एप्रोच है। इस सीजन टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज अब तक 164.28 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, जिससे अनुभवी गेंदबाज डिफेंसिव हो गए हैं। वहीं, ये युवा अनकैप्ड गेंदबाज बिना किसी डर के अटैकिंग गेंदबाजी कर रहे हैं और यही निडरता उन्हें कामयाब बना रही है।
क्या टीम इंडिया को मिलने वाले हैं नए सितारे?
आईपीएल 2021 में हर्षल पटेल ने अनकैप्ड रहते हुए पर्पल कैप जीती थी और फिर टीम इंडिया में जगह बनाई थी। अब 2026 में भी ठीक वैसा ही माहौल दिख रहा है।
यह सीजन समाप्त होने के बाद प्रिंस यादव और साकिब हुसैन जैसे नाम अब नेशनल सेलेक्टर्स के राडार पर होंगे। अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो यह सीजन भारतीय गेंदबाजी के भविष्य के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

