अच्छी शुरुआत के बाद भी मुंबई इंडियंस चेपॉक में बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और 159 रनों पर ही रुक गई।
आईपीएल 2026 के चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस (CSK vs MI) मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए, लेकिन सच यही है कि टीम ने खुद अपना स्कोर छोटा कर लिया। शुरुआत देखकर लग रहा था कि यह टीम 180 के पार जाएगी, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, बल्लेबाजी पूरी तरह ढीली पड़ गई।
पॉवरप्ले में मैच सेट, लेकिन फायदा नहीं उठा पाई मुंबई
मुंबई इंडियंस ने पॉवरप्ले में 57 रन बना दिए थे और सिर्फ एक विकेट गंवाया था। उस समय लग रहा था कि टीम मैच पर पूरी पकड़ बना चुकी है। रयान रिकेल्टन (24 गेंदों पर 37 रन) और नमन धीर ने तेज शुरुआत दी और रन रेट लगातार ऊपर रखा।
नमन धीर की फिफ्टी, लेकिन कोई साथ नहीं दे पाया
नमन धीर ने 37 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 57 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लेकिन उनके आउट होते ही मुंबई की पारी लड़खड़ा गई।
सूर्यकुमार यादव ने 21 रन जरूर बनाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और धीर से पहले ही आउट हो गए। बाकी बल्लेबाजों ने तो लगभग सरेंडर कर दिया।
हार्दिक पांड्या की धीमी पारी ने बिगाड़ा खेल
इस मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी रही। 23 गेंद खेलकर सिर्फ 18 रन बनाए, जबकि यही वो समय था जब टीम को तेजी की जरूरत थी। अगर यहां थोड़ी भी आक्रामक बल्लेबाजी होती, तो मुंबई आसानी से 175 के पार जा सकती थी।
आखिरी ओवरों में पूरी तरह फ्लॉप रही फिनिश
मुंबई इंडियंस ने आखिरी 5 ओवर में सिर्फ 39 रन बनाए और 3 विकेट गंवा दिए। यही वो फेज था जहां मैच पूरी तरह हाथ से निकल गया। अच्छी शुरुआत के बाद ऐसा फिनिश होना ही बताता है कि टीम ने बड़ा मौका गंवा दिया।
चेन्नई के गेंदबाजों ने मैच पलटा
चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। अंशुल कंबोज ने 3 विकेट लेकर मुंबई की कमर तोड़ दी। नूर अहमद ने बीच के ओवरों में रन रोककर दबाव बनाया और 2 विकेट लिए, जबकि जेमी ओवरटन (1/23) और रामकृष्ण घोष (1/24) ने भी अहम विकेट निकाले।
159 रन, चेपॉक पर कितना सुरक्षित?
सीधी बात यह है कि चेपॉक की इस पिच पर 159 रन कोई बड़ा स्कोर नहीं है और मुंबई को कम से कम 15-20 रन और बनाने चाहिए थे। अब यह मैच पूरी तरह चेन्नई की तरफ झुका हुआ दिख रहा है। दूसरी ओर, मुंबई के गेंदबाजों को यहां कुछ खास करना पड़ेगा तभी यह स्कोर डिफेंड हो सकता है।

