इंडिया-A के युवा ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में श्रीलंका-A के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की शानदार पारी खेली और अपने लिस्ट-A करियर का दूसरा अर्धशतक भी पूरा कर लिया है।
इस दौरान वैभव ने महज 11 गेंदों में फिफ्टी जड़कर लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाने का नया रिकॉर्ड बना दिया। उनकी आक्रामक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। हालांकि, वह अपने दूसरे लिस्ट-A शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए और 94 रन बनाकर आउट हो गए। इस कड़ी में हम वैभव सूर्यवंशी के मैच प्रदर्शन के बारे में बताने जा रहे हैं।
कैसी रही वैभव की फ़ाइनल मैच में पारी ?
इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-A को वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया और पहले विकेट के लिए महज 53 गेंदों में 132 रन की शानदार साझेदारी की है ।
वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। फिफ्टी के बाद भी उनका आक्रामक अंदाज जारी रहा। उन्होंने 29 गेंदों पर 94 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। हालांकि, वह शतक से केवल 6 रन दूर रह गए।
वैभव ने तोड़ा कौशल्या वीररत्ने का 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़कर नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। उन्होंने श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने का लंबे समय से कायम रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2005 में 12 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की थी। वैभव ने यह उपलब्धि सिर्फ 11 गेंदों में हासिल कर इतिहास रच दिया है।
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर सरफराज खान का नाम है, जिन्होंने 2026 में पंजाब के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। वहीं, अभिजीत काले और अतीत शेठ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। अभिजीत ने 1995 में बड़ौदा के खिलाफ और अतीत ने 2020 में छत्तीसगढ़ के खिलाफ 16-16 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी।
इंग्लैंड के बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन इस लिस्ट में पांचवे नंबर पर हैं। उन्होंने 17 गेंदों में अर्धशतक लगाकर यह उपलब्धि अपने नाम की थी।
वैभव ने स्ट्राइक रेट के मामले में इस मैच में बनाया शानदार रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ऐतिहासिक पारी के दौरान एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने अर्धशतक तक पहुंचने के लिए खेली गई पहली 11 गेंदों में से 10 पर बाउंड्री लगाई, जिनमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही वह सबसे अधिक बाउंड्री की मदद से फिफ्टी पूरी करने वाले बल्लेबाज बन गए।
फिफ्टी तक पहुंचते समय उनका स्ट्राइक रेट 454.55 था, जो लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा दर्ज किया गया सबसे हाई स्ट्राइक रेट है। वहीं, पूरी पारी में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन बनाए और 324.14 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। 50 या उससे अधिक रन की पारियों में यह भी लिस्ट-A क्रिकेट का सर्वाधिक स्ट्राइक रेट माना जाता है, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का शानदार उदाहरण है।
वैभव का लिस्ट-A क्रिकेट में कैसा है प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2024 में मध्य प्रदेश के खिलाफ अपने लिस्ट-A करियर का आगाज किया था। इसके बाद से उन्होंने इस फॉर्मेट में लगातार प्रभावित किया है। अब तक खेले गए 13 मैचों की 13 पारियों में उन्होंने 40 से अधिक की औसत और 162 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ 560 से अधिक रन बनाए हैं।
वैभव के खाते में 1 शतक और 2 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका बेस्ट स्कोर 190 रन का रहा है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली के लिए पहचाने जाने वाले इस युवा बल्लेबाज ने अब तक 66 चौके और 34 छक्के जड़े हैं।

