Top 5 Best Knocks Of Ishan Kishan
भारत के बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक ईशान किशन आज अपना 26वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने मार्च 2021 में अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ़ खेले गए टी20 मैच में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अब तक 32 टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने 124.37 की स्ट्राइक रेट से 796 रन बनाए हैं।
ईशान किशन वनडे क्रिकेट में भी दोहरा शतक जड़ चुके हैं। उनके नाम सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। इसके अलावा, वह टेस्ट क्रिकेट में एक अर्धशतक भी लगा चुके हैं। ईशान ने आईपीएल में अब तक 135.87 की स्ट्राइक रेट से 2644 रन बनाए हैं। चूंकि, ईशान आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं, इसीलिए हम उनकी टॉप 5 सबसे अच्छी पारियों पर एक नज़र डालने जा रहे हैं।
ईशान किशन द्वारा खेली गई 5 सबसे अच्छी पारियाँ | Top 5 Best Knocks Of Ishan Kishan
1. 210 बनाम बांग्लादेश, 2022 (वनडे)

ईशान किशन ने दिसंबर 2022 में चटगाँव में बांग्लादेश के खिलाफ़ 210 रनों की शानदार पारी खेली, जो उनके अन्तर्राष्ट्रीय करियर की सबसे बड़ी पारी भी है। उनकी 131 गेंदों की इस शानदार पारी में 24 चौके और 10 छक्के शामिल थे। ईशान की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 409 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। भारत ने उस मैच को 227 रनों के बड़े अंतर से जीता भी था।
2. 273 बनाम दिल्ली, 2016 (रणजी ट्रॉफी)

ईशान किशन ने 2016 में रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ 273 रनों की अविश्वसनीय पारी खेलकर सबको अपनी लंबे प्रारूप में भी अच्छी बल्लेबाजी करने वाली प्रतिभा को दुनिया के सामने उजागर किया था। उन्होंने झारखण्ड का प्रतिनिधित्व करते हुए पहली पारी में 336 गेंदों पर 21 चौके और 14 छक्कों की मदद से 273 रन बनाए थे।
3. 99 बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2020 (आईपीएल)

आईपीएल में ईशान किशन ने सितंबर 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ़ 99 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी, जो उनके आईपीएल करियर की सबसे बड़ी पारी भी है। मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व करते हुए इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने उस मैच में दो चौके और नौ छक्के लगाए थे। हालाँकि, उनकी इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने अविश्वसनीय रूप से मैच को टाई कराया था, लेकिन सुपर ओवर में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
4. 89 बनाम श्रीलंका, 2022 (टी20 अन्तर्राष्ट्रीय)

टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ईशान किशन ने फरवरी 2022 में श्रीलंका के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी पारी खेली थी। लखनऊ में खेले गए उस मैच में उन्होंने 56 गेंदों पर 89 रनों की यादगार पारी खेली थी। ईशान की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 199 रनों के मजबूत स्कोर बनाया था और 62 रनों से जीत हासिल की थी।
5. 93 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2022 (वनडे)

अक्टूबर 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रन चेज के दौरान ईशान किशन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था। 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, उन्होंने भारत की और से 84 गेंदों पर 4 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 93 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी और अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुँचाया था। उस समय यह उनके वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी भी थी। इसी मैच में श्रेयस अय्यर ने भी 111 गेंदों पर 113 रनों की शानदार पारी खेली थी।
Top 5 Best Knocks Of Ishan Kishan