Womens Asia Cup 2024, UAEW vs NEPW Match Report
वीमेंस एशिया कप 2024 (Womens Asia Cup 2024) का पहला मुकाबला ग्रुप A की दो टीमों यूएई वीमेन और नेपाल वीमेन (UAEW vs NEPW) के बीच दाम्बुला के रणगिरी दाम्बुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में नेपाल वीमेन को 23 गेंदें शेष रहते हुए 6 विकेट से आसान जीत हासिल हुई। नेपाल की इस जीत में सलामी बल्लेबाज संजना खड़का (Samjhana Khadka) और कप्तान इंदु वर्मा की प्रमुख भूमिका रही।
इस जीत के साथ नेपाल वीमेन ग्रुप 1 की अंक तालिका में 2 अंकों और +1.549 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर आ गई है, जबकि यूएई वीमेन इस हार के बाद 0 अंक और -1.549 के नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर आ गई है।
टॉस हारकर यूएई वीमेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाया 115/8 का स्कोर

मैच के बारे में अधिक बात करें तो, नेपाल वीमेन ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और यूएई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई वीमेन ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 115 रन बनाए और विपक्षी टीम के सामने मात्र 116 रनों का मामूली सा लक्ष्य रखा।
नेपाल की गेंदबाजी पर नजर डालें तो, इन्दू वर्मा ने सबसे अच्छी गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में मात्र 19 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा, कृतिका मरासिनी, कविता जोशी और सबनम राय को 1-1 सफलता मिली, जबकि सीता राणा मगर, रुबीना छेत्री और कविता कुँवर को एक भी विकेट नहीं मिला।
नेपाल वीमेन ने आसानी से किया रन चेज

116 रनों के मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल वीमेन ने इस मैच में आसन जीत हासिल की। उन्होंने मात्र 16.1 ओवरों में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। उनकी ओर से सलामी बल्लेबाज संजना खड़का ने 45 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 72 रनों की नाबाद पारी खेली। संजना की इस ताबड़तोड़ पारी की बदौलत उनकी टीम को यह जीत हासिल हुई, क्योंकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रनों से ज्यादा नहीं बना सकीं।
यूएई वीमेन की ओर से कविशा एगोडगे ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की। श्रीलंका में जन्मीं इस महिला गेंदबाज ने 4 ओवरों में मात्र 12 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा, लावण्या केनी को भी एक विकेट मिला, जबकि अन्य गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिली।
संजना खड़का बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

24 वर्षीय दाएं हाथ की बल्लेबाज संजना खड़का (Samjhana Khadka) की आतिशी पारी की बदौलत नेपाल वीमेन ने यूएई वीमेन के खिलाफ एक आसान जीत हासिल की। उनकी 45 गेंदों पर 72 रनों की शानदार जिताऊ पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
कब होगा दोनों टीमों का अगला मुकाबला ?
नेपाल वीमेन को अपना अगला मुकाबला 21 जुलाई को पाकिस्तान वीमेन से खेलना है, जहाँ जीत हासिल करना उनके लिए आसान नहीं होगा। इसके अलावा, यूएई वीमेन को अपना अगला मुकाबला उसी दिन इंडिया वीमेन के साथ खेलना है, जहाँ वह अपनी जीत का खाता तो खोलना चाहेगी, लेकिन सात बार की एशिया कप चैम्पियन से जीतना उनके लिए बेहद ही मुश्किल है।

