आईपीएल 2026 को लेकर सभी टीमों की तैयारी ज़ोरों-शोरों से चल रही है, क्योंकि जल्द ही टीमों को अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करनी है। इस साल की फाइनलिस्ट पंजाब किंग्स भी तैयारियों में लगी हुई है। पंजाब की टीम का इतिहास रहा है कि वो बहुत से खिलाड़ियों को रिलीज़ करती है और ऑक्शन टेबल में सबसे ज्यादा पैसे के साथ जाती है। हालांकि पिछले साल के नतीजे को देखते हुए वो कुछ ही खिलाड़ियों को रिलीज़ कर सकती है। तो चलिए जानते हैं कौन हैं वो खिलाड़ी जिन्हें बाहर किया जा सकता है।
आईपीएल 2026 से पहले इन 3 खिलाड़ियों को रिलीज़ कर सकती है पंजाब किंग्स
1. लोकी फर्ग्यूसन (Lockie Ferguson)

न्यूज़ीलैंड के तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन पर पंजाब किंग्स ने बड़ा दांव खेलते हुए उन्हें ऑक्शन में खरीदा था। लेकिन वो चोट के चलते पिछले सीजन में आधे से ज्यादा टूर्नामेंट में नहीं खेल पाए थे और अभी भी चोटिल ही चल रहे हैं। जिसके चलते उन्हें रिलीज़ किया जा सकता है।
फर्ग्यूसन ने पंजाब के लिए 4 मैचों में 9 से ज्यादा की इकॉनमी से 5 विकेट लिए थे। उनके रिप्लेसमेंट के रूप में उनके ही देश के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन को टीम में लिया गया था। उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था, जिसके चलते फर्ग्यूसन का पत्ता कट सकता है।
2. ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell)

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने बहुत से मैच जिताए हैं। उन्होंने कई ऐसी पारियां खेली हैं जिन पर यकीन करना मुश्किल होता है। जिसके चलते उन्हें हमेशा आईपीएल में भारी-भरकम रकम दी जाती थी, लेकिन एक-दो सीजन को छोड़ दिया जाए तो उनका बल्ला कभी भी नहीं चला है। पंजाब ने उन पर फिर एक बार भरोसा दिखाया था, लेकिन वो फिर से फ्लॉप हो गए थे, इसलिए उन्हें इस बार रिलीज़ किया जा सकता है।
मैक्सवेल ने पंजाब के लिए आईपीएल 2025 में खेले 7 मैचों में 97 की स्ट्राइक रेट से 48 रन बनाए थे और गेंदबाजी में भी मात्र 4 विकेट लिए थे, जिसके चलते उन्हें टीम से ड्रॉप भी कर दिया गया था।
3. मार्कस स्टोइनिस (Marcus Stoinis)

ऑस्ट्रेलिया के एक और बिग हिटिंग ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस पर भी पंजाब किंग्स ने दांव खेला था। उन्हें 11 करोड़ में ऑक्शन में खरीदा गया था, लेकिन पिछले सीजन उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा, जिसके लिए उन्हें टीम में शामिल किया गया था।
बल्लेबाजी में इस पावर हिटर ने 11 पारियों में 26 की औसत से 160 रन बनाए थे और गेंदबाजी से भी 9 पारियों में 12 की इकॉनमी से 1 विकेट लेने में सफल हुए थे। इसलिए उन्हें रिलीज़ करके ऑक्शन में कम दाम में वापस खरीदने की कोशिश की जा सकती है।

