मोहम्मद शमी ने साफ कहा कि वह अभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
टीम इंडिया से लंबे समय से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने आखिरकार अपने भविष्य को लेकर बड़ा बयान दे दिया है। चयनकर्ताओं की अनदेखी और लगातार नजरअंदाज किए जाने के बीच अब शमी ने साफ कर दिया है कि वह अभी रिटायरमेंट लेने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं।
शमी ने आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए आखिरी बार अन्तर्राष्ट्रीय मैच खेला था। इसके बावजूद घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। उन्होंने 2025-26 सीजन में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मिलाकर कुल 67 विकेट लिए, लेकिन फिर भी उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिली।
अजीत अगरकर से विवाद के बीच आया बयान
पहले मोहम्मद शमी का टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के साथ कम्युनिकेशन को लेकर भी विवाद सामने आ चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शमी ने इस बात पर नाराजगी जताई थी कि उन्हें चयन को लेकर सही जानकारी नहीं दी जा रही है।
हालांकि, इन सबके बीच अब शमी ने अपनी सोच साफ कर दी है। उन्होंने यूट्यूब पर शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में कहा कि वह अभी क्रिकेट को एंजॉय कर रहे हैं और रिटायरमेंट जैसी कोई बात उनके दिमाग में नहीं है।
शमी ने क्या कहा?
शमी ने साफ शब्दों में कहा, “जब मैं थक हो जाऊंगा, तब क्रिकेट छोड़ दूंगा। लेकिन अभी मैं रिटायरमेंट के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहा हूं। अगर आपके दिमाग में ये ख्याल आता है, तो इसका मतलब है कि आप बोर हो चुके हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं उसी दिन क्रिकेट छोड़ दूंगा, जब मुझे लगेगा कि मैं बोर हो गया हूं या खेलने का मन नहीं है। अभी ऐसा कुछ भी नहीं है, मैं खेल को एंजॉय कर रहा हूं।”
IPL 2026 में मोहदम्मद शमी LSG के लिए करेंगे नई शुरुआत
अब शमी की नजर IPL 2026 पर है, जहां वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की ओर से खेलते नजर आएंगे। पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन इस बार वह नई शुरुआत करना चाहते हैं।
शमी ने कहा कि वह एक गेंदबाज के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने पर ध्यान देंगे और टीम के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
क्या खत्म हो गया है शमी का अंतरर्राष्ट्रीय करियर?
एक तरफ जहां युवा तेज गेंदबाज लगातार टीम में जगह बना रहे हैं, वहीं शमी की वापसी मुश्किल होती नजर आ रही है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि भारतीय टीम अब आगे बढ़ चुकी है और नए खिलाड़ियों पर भरोसा कर रही है।
हालांकि, शमी के आंकड़े और उनका आत्मविश्वास साफ दिखाता है कि वह अभी हार मानने वाले नहीं हैं। अब सबकी नजर IPL 2026 पर होगी, जहां उनका प्रदर्शन ही तय करेगा कि टीम इंडिया में उनकी वापसी संभव है या नहीं।
मोहम्मद शमी के इंटरव्यू का पूरा वीडियो यहाँ देखें:
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।








