दुबई में यूएई के खिलाफ खेलते हुए पॉल स्टर्लिंग ने टी20 इंटरनेशनल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
टी20 इंटरनेशनल (T20I) क्रिकेट को आमतौर पर तेज और छोटे करियर वाला फॉर्मेट माना जाता है। इसके बावजूद कुछ खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने इस फॉर्मेट में लंबे समय तक खुद की जगह बनाए रखी। इन्हीं खिलाड़ियों ने अनुभव, निरंतरता और टीम के भरोसे की असली परिभाषा तय की है।
हाल ही में दुबई में यूएई और आयरलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान अनुभवी आयरिश खिलाड़ी पॉल स्टर्लिंग ने इतिहास रच दिया। इस सीरीज के पहले टी20 मैच में उन्होंने अपना 160वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला और रोहित शर्मा का सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसी मौके पर यहाँ हम आपको T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले टॉप 10 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
ये हैं T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले टॉप 10 खिलाड़ी
1. पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड) – 161 मैच
आयरलैंड के अनुभवी टॉप ऑर्डर बल्लेबाज Paul Stirling अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2009 से अब तक 161 मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3888 रन निकले हैं और उनका बेस्ट स्कोर 115* रहा है।
पॉल स्टर्लिंग सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रहे हैं। उन्होंने टीम के लिए 20 विकेट भी लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/21 रहा है। आयरलैंड क्रिकेट के लिए उनका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
2. रोहित शर्मा (भारत) – 159 मैच
Rohit Sharma काफी समय तक इस रिकॉर्ड के मालिक रहे। उन्होंने 2007 से 2024 के बीच 159 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इन मैचों में रोहित ने 4231 रन बनाए और उनका बेस्ट स्कोर 121* रहा। रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा पांच शतक भी लगाए हैं।
3. जॉर्ज डॉकरेल (आयरलैंड) – 154 मैच
आयरलैंड के ऑलराउंडर George Dockrell ने अब तक कुल 154 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने इन मैचों में 1303 रन बनाए और साथ ही 85 विकेट भी अपने नाम किए। जॉर्ज डॉकरेल का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/20 रन रहा है। वह आयरिश टीम के लिए गेंद एवं बल्ले दोनों से कई मैचों में अहम योगदान दिया है।
4. मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान) – 148 मैच
अफगानिस्तान क्रिकेट के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक Mohammad Nabi ने 2010 से अब तक 148 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 2430 रन बनाए और 104 विकेट भी लिए। मोहम्मद नबी अभी भी इस फॉर्मेट में सक्रिय हैं और लगातार गेंद एवं बल्ले से अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं।
5. जोस बटलर (इंग्लैंड) – 145 मैच
Jos Buttler ने अब तक 145 टी20 इंटरनेशनल मैचों में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने इन मैचों में 3886 रन बनाए और उनका बेस्ट स्कोर 101* रहा है। जोस बटलर को इस फॉर्मेट का सबसे खतरनाक बल्लेबाज माना जाता है और विकेटकीपर के तौर पर भी उन्होंने टीम के लिए कई मौकों पर अहम योगदान दिया है।
6. महमूदुल्लाह (बांग्लादेश) – 141 मैच
बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर और पूर्व टी20 कप्तान Mahmudullah ने 2007 से 2024 तक 141 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेम जिसमें उन्होंने 2444 रन बनाए और साथ ही 41 विकेट भी लिए। महमूदुल्लाह लंबे समय तक बांग्लादेश की मिडिल ऑर्डर और गेंदबाजी यूनिट का भरोसेमंद नाम रहे हैं।
7. बाबर आजम (पाकिस्तान) – 137 मैच
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज Babar Azam ने 2016 से 2026 के बीच 137 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इन मैचों में बाबर ने 4453 रन बनाए और उनका बेस्ट स्कोर 122 रन रहा है। बाबर आजम वर्तमान समय में इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
8. ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) – 136 मैच
अनुभवी लेग-स्पिनर Ish Sodhi ने न्यूजीलैंड के लिए अब तक 136 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने इन मैचों में 162 विकेट लिए हैं, जिनमें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4 विकेट 12 रन रहा है। ईश सोढ़ी ने टी20 क्रिकेट में लेग स्पिन की अहमियत को बार-बार साबित किया है।
9. आदिल राशिद (इंग्लैंड) – 135 मैच
इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर Adil Rashid ने अब तक 135 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने इन मैचों में 148 विकेट लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/2 रहा है। राशिद इंग्लैंड के सबसे भरोसेमंद टी20 स्पिन गेंदबाज रहे हैं और बड़े टूर्नामेंट्स में उनकी भूमिका हमेशा अहम रही है।
10. डेविड मिलर (दक्षिण अफ्रीका) – 133 मैच
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज David Miller ने अब तक 133 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 2630 रन बनाए और उनका बेस्ट स्कोर 106* रहा है। मिलर अपनी फिनिशिंग क्षमता के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने कई मुकाबलों में अकेले दम पर मैच का रुख बदला है।
[NOTE: यहाँ दिए गए सभी आंकड़े 31 जनवरी 2026 के शाम 04:00 बजे तक अपडेटेड हैं।]
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

