टी20 क्रिकेट अब काफी बदल चुका है। अब बल्लेबाज़ बहुत आक्रामक अंदाज़ से इसमें खेलते हैं और छक्के-चौकों की भरमार लगाते हैं। पिछले कुछ समय में बल्लेबाज़ इस फॉर्मेट में फोर की जगह पर सिक्स लगाना ज्यादा प्रेफर करते हैं।
हालाँकि कभी-कभी कुछ पारियां ऐसी होती हैं जिनमें बल्लेबाज़ बड़े शॉट्स लगाने की पूरी कोशिश करते हैं लेकिन वो उसमें कामयाब नहीं हो पाते हैं, लेकिन उसके बाद भी वो इतने रन बना जाते हैं कि टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल हो सके। तो चलिए जानते हैं कि इंटरनेशनल क्रिकेट में बिना छक्का लगाए किस खिलाड़ी ने सबसे बड़ी पारी खेली है।
इन बल्लेबाजों ने टी20 में बिना छक्का लगाए खेली हैं सबसे बड़ी पारी
5. रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) 76 रन

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व और सबसे सफल कप्तान तथा धाकड़ बल्लेबाज़ रिकी पोंटिंग ने अपने करियर में बहुत सी शानदार पारियां खेल रखी हैं। उनका इंडिया के खिलाफ साल 2003 के वर्ल्ड कप फाइनल में लगाया गया शतक आज भी सभी भारतीयों के जेहन में ताज़ा है। यही नहीं, इस बल्लेबाज़ ने और भी बहुत से कीर्तिमान अपने नाम कर रखे हैं।
रिकी पोंटिंग ने साल 2007 में भारत के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 53 गेंदें खेलते हुए 76 रन जड़े थे। इस दौरान पारी में 13 चौके भी शामिल थे और स्ट्राइक रेट 143 का था। हालाँकि टीम इंडिया ने आसानी से ये मैच जीत लिया था।
4. मोहम्मद रिज़वान (Mohammad Rizwan) 78 रन

पाकिस्तान के वनडे कप्तान अपने अतरंगी शॉट्स और विकेट के पीछे फनी मोमेंट्स देने के लिए जाने जाते हैं। वो जब भी कोई बड़ी पारी खेलते हैं तो अक्सर क्रैम्प्स आने लगते हैं। टी20 फॉर्मेट में उनके भी स्ट्राइक रेट को लेकर बहुत सवाल खड़े किए जाते रहे हैं, जिसके चलते अब वो टीम से ड्रॉप चल रहे हैं।
मोहम्मद रिज़वान ने साल 2021 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 52 गेंदें खेलते हुए 10 चौके लगाकर 78 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150.00 का था। पाकिस्तान ने उनकी इस पारी के चलते जीत दर्ज की थी।
3. बाबर आज़म (Babar Azam) 79 रन

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आज़म भले ही अभी टीम से ड्रॉप चल रहे हैं लेकिन उन्होंने अपने करियर में कुछ अच्छी पारियां खेली हुई हैं। हालाँकि उनकी पारियों का सबसे बड़ा मसला उनका स्ट्राइक रेट होता था।
बाबर आज़म ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ साल 2022 में क्राइस्टचर्च में खेले गए मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 147 रन बनाए थे। जिसके जवाब में पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म ने बिना जोखिम उठाए अर्धशतक लगाया और टीम को मैच जिताने में मदद की। पूर्व कप्तान ने 53 गेंदों का सामना करते हुए 79 रन बनाए, जिसमें 11 चौके भी शामिल थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 149.05 का था।
2. फाफ डुप्लेसिस (Faf Duplesis) 79 रन

साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान भले ही टेक्निकली बहुत साउंड नहीं हैं, लेकिन उसके बाद भी उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में बहुत सी यादगार पारियां खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई है। यह धाकड़ बल्लेबाज़ अपनी एफर्टलेसली सिक्स हिटिंग के लिए भी जाने जाते थे।
फाफ डुप्लेसिस ने बांग्लादेश के खिलाफ साल 2015 में मीरपुर में खेले गए मैच के दौरान दमदार प्रदर्शन किया था। बांग्लादेश की धीमी पिच पर बल्लेबाज़ों के लिए गेंद को टाइम करना आसान नहीं था। लेकिन, पहले इस धाकड़ बल्लेबाज़ ने थोड़ा समय लिया और बाद में बिना छक्के लगाए ही अर्धशतक लगा दिया। उन्होंने इस मुकाबले में 61 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके लगाते हुए 79 रन बना दिए। इस पारी के चलते साउथ अफ्रीका ने पार स्कोर बना दिया और उसे आसानी से डिफेंड करते हुए बांग्लादेश को मात्र 96 रनों पर ऑलआउट कर दिया।
1. ब्रायन बेनेट (Brian Bennett) 81 रन

ज़िम्बाब्वे के ओपनिंग बल्लेबाज़ ब्रायन बेनेट ने टी20 क्रिकेट में बिना सिक्स लगाए सबसे बड़ी पारी खेल डाली है। उन्होंने यह रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ कल यानी (3 सितंबर 2025) को खेले गए मुकाबले में बनाया था। इस मैच में उन्होंने 57 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों की मदद से 81 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 142.11 का था।
वो अपनी टीम को एक फाइटिंग टोटल तक तो ले गए थे। ज़िम्बाब्वे के गेंदबाज़ों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए मैच को अपनी तरफ भी ला दिया था लेकिन कमिंडू मेंडिस की तेज़-तर्रार पारी के चलते श्रीलंका को मैच जिता दिया।

