Prithvi Shaw Seeks NOC from Mumbai Cricket Association to Play for Another State: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने एक बड़ा फैसला लेते हुए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) की मांग की है। इस सर्टिफिकेट के जरिए वह किसी अन्य राज्य की टीम के लिए ‘पेशेवर खिलाड़ी’ के तौर पर खेलने का रास्ता साफ करना चाहते हैं।
25 वर्षीय पृथ्वी शॉ, जो कभी भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकते सितारों में गिने जाते थे, अब अपने घरेलू करियर को एक नई दिशा देना चाहते हैं। बीते कुछ सीजन से उनके प्रदर्शन और फिटनेस को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने यह अहम फैसला लिया है।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि पृथ्वी शॉ ने NOC के लिए आवेदन दिया है और इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा।
मुंबई टीम से बढ़ती दूरी
पिछले कुछ सीजन से पृथ्वी शॉ और मुंबई टीम के चयनकर्ताओं के बीच रिश्ते बिगड़ते जा रहे हैं। इसका बड़ा कारण उनकी फिटनेस को लेकर रही लगातार शिकायतें हैं। बीते रणजी ट्रॉफी सीजन में भी उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। टीम मैनेजमेंट ने MCA को उनकी फिटनेस रिपोर्ट भेजते हुए बताया था कि उनका बॉडी फैट परसेंटेज तय मानकों से अधिक है।
इसके बाद उन्हें फिटनेस सुधारने के लिए दो हफ्तों के विशेष कार्यक्रम का भी निर्देश दिया गया था। लेकिन इसके बावजूद पृथ्वी शॉ अपेक्षित स्तर तक फिटनेस हासिल नहीं कर सके। इसी वजह से उन्हें दिसंबर 2024 में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी की टीम में भी जगह नहीं मिल सकी थी।
Prithvi Shaw का घरेलू क्रिकेट और IPL में निराशाजनक प्रदर्शन
पृथ्वी शॉ का हालिया घरेलू और IPL प्रदर्शन भी उनकी मुश्किलों को बढ़ाने वाला रहा है। 2024-25 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 9 मैचों में सिर्फ 197 रन बनाए। उनका औसत महज 21.88 का रहा। इस खराब फॉर्म की वजह से उन्हें सीजन के बीच में ही बाहर कर दिया गया।
IPL 2024 में भी दिल्ली कैपिटल्स के लिए उनका प्रदर्शन बेहद फीका रहा। पृथ्वी शॉ को 8 मैचों में मौका मिला, जिसमें उन्होंने सिर्फ 198 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत मात्र 24.75 और स्ट्राइक रेट 163.63 का रहा। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया। इस ऑक्शन में उन्होंने 75 लाख रूपये का बेस प्राइस रखा था, लेकिन कोई भी फ्रेंचाइज़ी उन्हें खरीदने के लिए तैयार नहीं हुई।
अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी लगा ब्रेक
पृथ्वी शॉ ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार टेस्ट डेब्यू करते हुए शतक जड़ा था। लेकिन इसके बाद उनका अंतरराष्ट्रीय करियर खास प्रगति नहीं कर सका। वह अब तक सिर्फ 5 टेस्ट खेल पाए हैं जिसमें उनके नाम 42.37 की औसत से 339 रन दर्ज हैं।
नई टीम के साथ नई शुरुआत की उम्मीद
रिपोर्ट्स के अनुसार पृथ्वी शॉ को 2-3 अन्य राज्यों की टीमों से प्रस्ताव मिले हैं। अगर उन्हें MCA से NOC मिल जाती है तो वह 2025-26 घरेलू सीजन के लिए किसी दूसरे राज्य की टीम से करार कर सकते हैं। इससे उनके करियर को एक नई दिशा मिल सकती है, जहां वह खुद को फिर से साबित करने का मौका पा सकते हैं।
पृथ्वी शॉ के इस फैसले से साफ है कि वह अपने करियर में नया मोड़ लाना चाहते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि MCA उन्हें NOC देती है या नहीं और वह किस राज्य की टीम से जुड़ते हैं।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।