Patna Pirates vs Gujarat Giants PKL 2025 Match 83 Preview: प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 के मैच नंबर 83 में पटना पाइरेट्स और गुजरात जायंट्स आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है क्योंकि जहां पटना पाइरेट्स अपनी लगातार पांच हार की निराशा को खत्म करना चाहेंगे, वहीं गुजरात जायंट्स जीत की लय को बरकरार रखना चाहेंगे।
पटना पाइरेट्स इस समय अंक तालिका में सबसे नीचे 12वें स्थान पर हैं। टीम ने 12 में से केवल 3 मैच जीते हैं। दूसरी ओर, गुजरात जायंट्स 10वें स्थान पर हैं और 13 मैचों में 6 जीत हासिल कर चुके हैं। उन्होंने अपने पिछले चार में से तीन मुकाबले जीते हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास ऊंचा है।
मैच की अहम जानकारी
- मैच: पटना पाइरेट्स बनाम गुजरात जायंट्स, मैच 83, प्रो कबड्डी लीग 2025
- तारीख: मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025
- समय: शाम 7:30 बजे
- स्थान: त्यागराज इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली
- लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोसिनेमा
- लाइव स्कोर: ProKabaddi.Com और Pro Kabaddi Official App पर
संभावित शुरुआती सेवन (Probable Starting 7)
पटना पाइरेट्स
- राइट कॉर्नर: नवदीप
- राइट इन: मनींदर सिंह
- राइट कवर: दीपक सिंह
- सेंटर: सुधाकर एम
- लेफ्ट कवर: बालाजी डी
- लेफ्ट इन: अयान
- लेफ्ट कॉर्नर: अंकित (कप्तान)
गुजरात जायंट्स
- राइट कॉर्नर: लक्की शर्मा
- राइट इन: विश्वनाथ वी
- राइट कवर: नितिन पंवार
- सेंटर: राकेश (कप्तान)
- लेफ्ट कवर: रोहित नांदल
- लेफ्ट इन: अंकित दहिया
- लेफ्ट कॉर्नर: मोहम्मदरेजा शादलू
अयान बनाम शादलू होगा मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण
इस मैच की सबसे बड़ी भिड़ंत होगी पटना पाइरेट्स के अयान और गुजरात जायंट्स के मोहम्मदरेजा शादलू के बीच। अयान इस सीजन में शानदार फॉर्म में हैं और टीम के मुख्य रेडर बने हुए हैं। उन्होंने अब तक 12 मैचों में 150 रेड पॉइंट जुटाए हैं और 8 सुपर 10 अपने नाम किए हैं।
उनका औसत 12.5 रेड पॉइंट प्रति मैच है, जो उन्हें लीग के सबसे सफल रेडरों में से एक बनाता है। पिछले पांच मैचों में अयान ने लगातार सुपर 10 लगाते हुए औसतन 14.8 रेड पॉइंट प्रति मैच हासिल किए हैं।
वहीं, दूसरी ओर शादलू ने शुरुआत में भले ही धीमी शुरुआत की हो, लेकिन हाल के मैचों में उन्होंने जबरदस्त वापसी की है। उन्होंने पिछले पांच मुकाबलों में दो हाई 5 लगाए हैं और 53% टैकल स्ट्राइक रेट के साथ गुजरात की डिफेंस को मजबूती दी है।
दोनों के बीच अब तक हुए आमने-सामने मुकाबलों में शादलू का पलड़ा भारी रहा है। जहाँ अयान ने अब तक शादलू के सामने एक बार जीत हासिल की है, तो वहीं दूसरी तरफ शादलू को 6 जीत मिली है।
यह आंकड़ा दिखाता है कि ईरानी डिफेंडर ने अक्सर अयान को रोकने में सफलता पाई है। हालांकि, इस बार अयान के शानदार फॉर्म को देखकर कहा जा सकता है कि मुकाबला बेहद रोमांचक होगा।
पटना पाइरेट्स की सबसे बड़ी कमजोरी – डिफेंस का बिखराव
पटना पाइरेट्स का डिफेंस इस सीजन में टीम की सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। टीम के पास सिर्फ 99 टैकल पॉइंट हैं, जो लीग में सबसे कम हैं। इसके अलावा, उनका टैकल स्ट्राइक रेट सिर्फ 33% है।
टीम के दोनों कॉर्नर डिफेंडर अंकित और नवदीप ही कुछ हद तक प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि कवर डिफेंडरों का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा है। अंकित और नवदीप ने मिलकर टीम के 50% से ज्यादा टैकल पॉइंट जुटाए हैं।
नवदीप पिछले छह मैचों में शानदार लय में हैं, उन्होंने औसतन 3.5 टैकल पॉइंट प्रति मैच लिए हैं। यदि उन्हें अंकित का सहयोग मिला, तो पटना की डिफेंस कुछ सुधार दिखा सकती है।
गुजरात जायंट्स की ताकत – राकेश की कप्तानी और डिफेंस की वापसी
गुजरात जायंट्स के लिए कप्तान राकेश इस सीजन में लगातार अच्छे प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अब तक 13 मैचों में 103 रेड पॉइंट जुटाए हैं और चार सुपर 10 लगाए हैं।
राकेश का प्रदर्शन टीम की जीत-हार से सीधा जुड़ा रहा है। उन्होंने जीते हुए मैचों में औसतन 12.5 रेड पॉइंट और हारे हुए मैचों में औसतन 5.9 रेड पॉइंट हासिल किए हैं। यह आंकड़ा दिखाता है कि जब राकेश फॉर्म में होते हैं, गुजरात जीत के करीब पहुंच जाती है।
साथ ही, पिछले मैच में हिमांशु सिंह ने बेंच से उतरकर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 12 रेड में 11 रेड पॉइंट लेकर टीम को नई ऊर्जा दी। अगर हिमांशु और राकेश दोनों लय में रहे तो पटना के कमजोर डिफेंस के सामने यह जोड़ी कहर बरपा सकती है।
डिफेंस में शादलू और लक्की शर्मा की जोड़ी ने पिछले कुछ मैचों में गुजरात की स्थिति सुधार दी है। खासकर दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में गुजरात ने 5 सुपर टैकल किए थे जो उनकी सामूहिक डिफेंस की ताकत दिखाता है।
पटना पाइरेट्स का इस सीजन प्रदर्शन
हाल के नतीजे:
- बनाम हरियाणा स्टीलर्स: हारे 32-39
- बनाम तमिल थलाइवाज: हारे 37-56
- बनाम यूपी योद्धाज: जीते 36-28
- बनाम तेलुगु टाइटंस: हारे 28-37
- बनाम बंगाल वॉरियर्ज: हारे 42-48
पटना पाइरेट्स के लिए यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। उन्होंने केवल तीन जीत दर्ज की हैं और लगातार हार के कारण प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म होने के कगार पर हैं।
अयान का प्रदर्शन जरूर टीम के लिए राहत की बात है, लेकिन अकेले उनके दम पर जीत मुश्किल है। जब तक डिफेंस सुधार नहीं करता, पाइरेट्स की मुश्किलें बढ़ती रहेंगी।
गुजरात जायंट्स का इस सीजन प्रदर्शन
हाल के नतीजे:
- बनाम दबंग दिल्ली: हारे 33-39
- बनाम यूपी योद्धा: जीते 41-39
- बनाम बंगाल वॉरियर्ज: जीते 47-40
- बनाम यू मुम्बा: हारे 25-40
- बनाम यूपी योद्धा: जीते 33-27
गुजरात जायंट्स ने पिछले चार में से तीन मैच जीते हैं। यह उनकी लय में लौटने का संकेत है। टीम ने दिल्ली के खिलाफ भी कड़ा मुकाबला किया था और डिफेंस में मजबूती दिखाई। राकेश की कप्तानी में टीम में आत्मविश्वास लौटा है और शादलू की वापसी ने डिफेंस को धार दी है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड (Patna vs Gujarat)
- कुल मुकाबले: 15
- पटना पाइरेट्स: 8 जीत
- गुजरात जायंट्स: 6 जीत
- टाई: 1
हालांकि ,पटना का रिकॉर्ड गुजरात के खिलाफ बेहतर रहा है, लेकिन वर्तमान फॉर्म के हिसाब से गुजरात जायंट्स का पलड़ा भारी है।
क्या उम्मीद की जाए?
इस मैच में दोनों टीमों के लिए मौके बराबर हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म गुजरात जायंट्स के पक्ष में है। यदि अयान एक और सुपर 10 लगाते हैं और डिफेंस कुछ सुधार दिखाता है, तो पटना के लिए वापसी संभव है।
वहीं, अगर राकेश और हिमांशु की जोड़ी ने लय पकड़ी और शादलू ने अयान को रोकने में सफलता पाई, तो गुजरात की जीत लगभग तय मानी जा सकती है। इसलिए, मुकाबला रोमांचक रहेगा और दर्शकों को एक बार फिर अयान बनाम शादलू की क्लासिक टक्कर देखने को मिलेगी।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

