Roger Federer Predicts Novak Djokovic to Beat Jannik Sinner in Wimbledon 2025 Semi-final: विंबलडन 2025 का सेमीफाइनल मुकाबला जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे टेनिस जगत में उत्सुकता चरम पर पहुंच चुकी है। शुक्रवार को कोर्ट पर दो दिग्गज नोवाक जोकोविच और यानिक सिनर आमने-सामने होंगे। मुकाबले से पहले सभी की निगाहें इस बात पर टिकी थीं कि रोजर फेडरर किस खिलाड़ी के पक्ष में जाते हैं, और अब उन्होंने साफ कर दिया है कि उनका समर्थन किसे हासिल है।
“मुझे लगता है नोवाक” – फैन के सवाल पर फेडरर का जवाब
स्पोर्टक्लब के इंस्टाग्राम पर शेयर एक शॉर्ट वीडियो में एक फैन ने जब चलते-चलते फेडरर से पूछा कि सेमीफाइनल में किसकी जीत होगी, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा, “मुझे लगता है नोवाक।”
हालांकि, उन्होंने ज्यादा विस्तार से कुछ नहीं कहा, लेकिन यह बयान सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गया।
दोनों खिलाड़ी चोट से जूझते हुए पहुंच रहे हैं सेमीफाइनल
यह मुकाबला हाई-वोल्टेज होगा, लेकिन चिंता का विषय ये है कि दोनों खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं हैं। नोवाक जोकोविच को फ्लावियो कोबोली के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में मैच के आखिरी हिस्से में स्लिप हो गई थी, जिससे उन्हें गिरकर चोट लग गई। इसके बाद उन्होंने गुरुवार की अपनी प्रैक्टिस भी कैंसिल कर दी।
दूसरी तरफ, यानिक सिनर को ग्रीगोर दिमित्रोव के खिलाफ मैच में कोहनी में चोट लगी थी। दिमित्रोव को मैच से हटना पड़ा, लेकिन सिनर ने दर्द के बावजूद मुकाबला जारी रखा और फिर बेन शेल्टन के खिलाफ अगले राउंड में भी सहज जीत दर्ज की।
सिनर बोले- “मैंने अब तक विंबलडन नहीं जीता, अब और जीतना चाहता हूं”
यह यानिक सिनर का अब तक का सबसे अहम विंबलडन सफर है। सेमीफाइनल में पहुंचकर उन्होंने कहा, “हर बार जब आप किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचते हैं, तो यह एक बड़ा मौका होता है। मैंने अब तक यहां खिताब नहीं जीता है, तो इस बार मेरी भूख और भी ज्यादा है।”
उन्होंने आगे कहा कि वे एक बार में सिर्फ एक मैच पर ध्यान देते हैं और जो भी अगला मैच आता है, उसमें खुद को साबित करने की कोशिश करते हैं।
जोकोविच ने माना- “सिनर इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी”
वहीं जोकोविच भी इस मुकाबले को हल्के में नहीं ले रहे। उन्होंने स्वीकार किया कि सिनर को हराना आसान नहीं होगा।
जोकोविच ने कहा, “उन्हें हराने के लिए मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। रोलां गैरोस में मैं उसे सीधे सेटों में हार चुका हूं। मैंने अच्छा खेला था, लेकिन अहम पलों में वो बेहतर खिलाड़ी था।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे लिए ग्रैंड स्लैम में अच्छा करना हमेशा सबसे बड़ा लक्ष्य रहा है। आज के समय में सिनर और (कार्लोस) अलकाराज़ जैसे खिलाड़ी पुरुष टेनिस के लीडर हैं और उनके खिलाफ खेलना मेरे लिए सबसे बड़ा चैलेंज है।”
फेडरर की भविष्यवाणी से बढ़ी चर्चा
हालांकि, रोजर फेडरर का जवाब छोटा था, लेकिन उसका असर बड़ा रहा। उनकी ‘नोवाक’ वाली टिप्पणी ने टेनिस जगत को और अधिक रोमांचित कर दिया है। अब देखना होगा कि क्या उनका ये पूर्वानुमान सही साबित होता है, या फिर यानिक सिनर इतिहास रचते हैं।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







