Thursday, June 11

कार्लोस अल्काराज के विंबलडन 2026 से हटने के बाद टेनिस फैंस को बड़ा झटका लगा है।

टेनिस जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज (Carlos Alcaraz) ने आधिकारिक तौर पर विंबलडन 2026 (Wimbledon 2026) से अपना नाम वापस ले लिया है। कलाई की चोट से पूरी तरह फिट नहीं हो पाने के कारण उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया है।

अल्काराज पिछले महीने बार्सिलोना ओपन के दौरान चोटिल हो गए थे। इसके बाद से वह लगातार रिकवरी पर काम कर रहे थे, लेकिन अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वह अभी कोर्ट पर वापसी के लिए तैयार नहीं हैं। यही वजह है कि उन्होंने क्वींस टूर्नामेंट और विंबलडन दोनों से हटने का फैसला किया।

कार्लोस अल्काराज ने खुद बताई वजह

कार्लोस अल्काराज ने अपने बयान में कहा, “मेरी रिकवरी अच्छी चल रही है और मैं पहले से बेहतर महसूस कर रहा हूं, लेकिन दुर्भाग्य से मैं अभी खेलने के लिए तैयार नहीं हूं। इसी वजह से मुझे क्वींस और विंबलडन दोनों से हटना पड़ रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “ये दोनों टूर्नामेंट मेरे लिए बहुत खास हैं और मैं इन्हें काफी मिस करूंगा। हम जल्द से जल्द वापसी के लिए लगातार मेहनत करते रहेंगे।”

अप्रैल के बाद से नहीं खेले कोई मुकाबला

कार्लोस अल्काराज ने अप्रैल के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेला है। चोट के कारण वह मैड्रिड ओपन, रोम मास्टर्स और फ्रेंच ओपन जैसे बड़े टूर्नामेंट से भी बाहर हो चुके हैं।

हालांकि, चोट से पहले उनका सीजन शानदार चल रहा था। उन्होंने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर कम उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। इसके अलावा उन्होंने दोहा में भी खिताब जीता था। इस सीजन उनका रिकॉर्ड 22 जीत और सिर्फ 3 हार का रहा।

जानिक सिनर को मिल सकता है बड़ा फायदा

कार्लोस अल्काराज के बाहर होने के बाद अब जानिक सिनर को विंबलडन और फ्रेंच ओपन का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। पिछले कुछ समय में अल्काराज और सिनर की राइवलरी टेनिस की सबसे बड़ी राइवलरी में शामिल रही है।

अल्काराज के बाहर होने पर जानिक सिनर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह हम सभी के लिए दुखद खबर है। एक खिलाड़ी के तौर पर आप हमेशा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना चाहते हैं और इस सतह पर वह निश्चित रूप से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं।”

जल्दबाजी में वापसी नहीं करना चाहते अल्काराज

कार्लोस अल्काराज पहले ही संकेत दे चुके थे कि वह जल्दबाजी में वापसी नहीं करना चाहते।

उन्होंने कहा था, “मैं जल्दी लौटकर चोट को और खराब करने का जोखिम नहीं लेना चाहता। बेहतर है कि मैं थोड़ा देर से लौटूं, लेकिन पूरी तरह फिट होकर वापसी करूं।”

अब ऐसे में टेनिस फैंस को अल्काराज की वापसी के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।

टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version