एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है, और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से पहले यूएई, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक टी-20 ट्राई सीरीज़ का आयोजन होगा, जिसकी शुरुआत 29 अगस्त से होगी। इस श्रृंखला के लिए यूएई क्रिकेट टीम ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कप्तानी मुहम्मद वसीम को सौंपी गई है।
ट्राई सीरीज़ के लिए यूएई ने किया टीम का ऐलान

यह ट्राई सीरीज़ एशिया कप से पहले टीमों के लिए अच्छा तैयारी का मौका रहेगा, क्योंकि एशिया कप का आयोजन यूएई में ही होना है और यहाँ की परिस्थितियों के साथ तालमेल बिठाने के लिए यह सीरीज़ खेली जा रही है। यूएई ने इस टीम में अनुभवी और उभरते हुए खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण रखा है।
बल्लेबाज़ी क्रम की ज़िम्मेदारी मुहम्मद वसीम, अलीशान शरफू, आसिफ खान और ध्रुव पराशर जैसे खिलाड़ियों पर होगी, जबकि विकेटकीपिंग का दारोमदार आर्यांश शर्मा संभालेंगे। गेंदबाज़ी विभाग में मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह और जुनैद सिद्दीकी जैसे गेंदबाज़ों को शामिल किया गया है।
30 अगस्त को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहला मैच खेलेगी यूएई
यूएई की टीम अपना पहला मैच 30 अगस्त को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेलेगी। इसके बाद 1 सितंबर को उनका सामना अफगानिस्तान से होगा। 4 सितंबर को फिर से वे पाकिस्तान के ख़िलाफ़ उतरेंगे और 5 सितंबर को अफगानिस्तान के ख़िलाफ़ अपना अंतिम मुक़ाबला खेलेंगे।
लालचंद राजपूत निभाएंगे कोच की भूमिका
भारतीय टीम के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज़ लालचंद राजपूत यूएई के कोच की भूमिका में हैं। वो लंबे समय से कोचिंग कर रहे हैं। यही नहीं, वो साल 2007 में टीम इंडिया के सपोर्टिंग स्टाफ का हिस्सा थे, जिसने एमएस धोनी की कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।
इस बार उनकी कोचिंग में टीम लगभग एक दशक के बाद एशिया कप में क्वालिफ़ाई करने में सफल हुई है। अपने होम ग्राउंड में हो रहे टूर्नामेंट में टीम अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी और बड़ी टीमों के ख़िलाफ़ मिले मौकों को भुनाना चाहेगी।
मुहम्मद वसीम के ऊपर होगी बड़ी जिम्मेदारी
यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी होगी। क्योंकि वो पिछले काफी समय से टीम की कमान संभाले हुए है. यहीं नहीं ये ट्राई सीरीज और एशिया कप का आयोजन उनके घर में ही होना है। वो अपनी घरेलू परिस्तितियों से अच्छी तरह से वाकिफ है और उनका फायदा उठाकर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।
लम्बे समय के बाद टीम एशिया कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई है। टी20 क्रिकेट उनका पसंदीदा फॉर्मेट है और इस फॉर्मेट में कोई भी टीम किसी भी टीम के खिलाफ उलटफेर कर सकती है। इस समय उनकी फॉर्म अच्छी नहीं चल रही है लेकिन, बड़े मैचों में ही परफॉर्म करना तो दिग्गज खिलाड़ी की निशानी होती है।
एशिया कप के लिए यूएई ने अभी नहीं किया टीम का ऐलान
एशिया कप 2025 में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस टूर्नामेंट के लिए अब तक 6 टीमों ने दल का ऐलान कर दिया है, जबकि यूएई ने अभी स्क्वॉड जारी नहीं की है। हालाँकि वो कब तक स्क्वॉड का ऐलान करेंगे इसकी जानकारी नहीं है। उनके पास टीम जारी करने के लिए अभी मौका है। वो ट्राई सीरीज़ में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के बाद स्क्वॉड जारी करने का सोच रहे होंगे।
ट्राई सीरीज के लिए यूएई का स्क्वाड
मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, अर्यांश शर्मा (विकेटकीपर), आसिफ खान, ध्रुव पाराशर, एथन डिसूजा, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद जोहैब, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), रोहिद खान, सगीर खान

