Cricket Kenya Postpones Elections: क्रिकेट केन्या ने अपनी विशेष आम बैठक (SGM), जो इस रविवार को होने वाली थी, को स्थगित करने का फैसला लिया है। इस फैसले का सीधा असर फेडरेशन के उपाध्यक्ष के चुनाव पर पड़ा है, जो अब नई तारीख पर आयोजित किए जाएंगे। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि यह फैसला परिस्थितियों को देखते हुए जरूरी था और अब चुनावी प्रक्रिया नई टाइमलाइन के तहत पूरी होगी।
चुनाव अब 19 अक्टूबर को होंगे
क्रिकेट केन्या के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोनाल्ड बुकुसी ने काउंसिल मेंबर्स को नोटिस जारी कर बताया कि नई तारीख के अनुसार विशेष आम बैठक अब 19 अक्टूबर को होगी।
उन्होंने कहा कि यह बदलाव इसलिए किया गया है, क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से मिलने वाले फंड में देरी हो रही है। आईसीसी अभी क्रिकेट केन्या के खातों का ऑडिट कर रहा है और इसी वजह से फंड रिलीज नहीं हो पाया है। चूंकि, क्रिकेट केन्या कंट्रोल्ड फंडिंग स्टेटस में है, इसलिए ऑडिट पूरा होने के बाद ही फंड ट्रांसफर होगा।
बोर्ड के बहुमत ने किया फैसला
रोनाल्ड बुकुसी जुलाई में नियुक्त स्वतंत्र चुनाव पैनल के सचिव भी हैं, जिसे बोर्ड ने चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से कराने की जिम्मेदारी दी है। यह फैसला आठ में से छह बोर्ड मेंबर्स के बहुमत से लिया गया है। हाल के हफ्तों में यह बहुमत समूह बोर्ड के संचालन में ज्यादा सक्रिय हुआ है और क्रिकेट केन्या में प्रशासनिक सुधारों पर काम कर रहा है।
पैनल ने चुनाव की नई टाइमलाइन जारी करते हुए स्पष्ट किया कि केवल मान्यता प्राप्त प्रतिनिधियों को ही वोट डालने की अनुमति होगी। इसके लिए सख्त वेरिफिकेशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसमें 24 संबद्ध काउंटी के प्रतिनिधियों को अपनी नेशनल आईडी जमा करनी होगी। आईडी जमा करने की अंतिम तारीख 3 अक्टूबर तय की गई है ताकि समय पर जांच और डेलीगेट्स की लिस्ट प्रकाशित की जा सके।
बहुमत समूह ने लिए अहम फैसले
बोर्ड के इस बहुमत समूह में पर्लीन ओमामो, मैरी माईना, बेरिल ओयूगी, पॉलीन नजरी, थॉमस ओडोयो और तारिक इकबाल शामिल हैं। इन सदस्यों ने हाल ही में दुबई-इंडिया बेस्ड कंपनी एरीना ऑफ स्पोर्ट्स (AOS) के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट को रद्द कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रस्तावित टी20 लीग प्रोजेक्ट पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। यह लीग प्रोजेक्ट बोर्ड के अन्य सदस्यों पटेल और ओबुया के समर्थन से आगे बढ़ाया जा रहा था।
स्वतंत्र चुनाव पैनल की भूमिका
उपाध्यक्ष चुनाव की निगरानी के लिए बनाए गए स्वतंत्र चुनाव पैनल की अध्यक्षता एग्री चेबेड़ा कर रहे हैं। पैनल में एडवोकेट और चुनाव विशेषज्ञ सारा ओच्वाडा, इंजीनियर और स्पोर्ट्स एडमिनिस्ट्रेटर सादिक माकी, फुटबॉल केन्या फेडरेशन की एक्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर केरुबो मोमानी और ग्लोबल हेल्थ एडवाइजर शीला बोसिरे शामिल हैं। यह टीम सुनिश्चित करेगी कि पूरी चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो।
विवाद निपटाने के लिए कमेटी गई बनाई
प्रशासनिक सुधारों को मजबूत करने के लिए बोर्ड ने आंतरिक और अनुशासन समिति (Internal and Disciplinary Committee) का गठन भी किया है। इस समिति की अध्यक्षता अनुभवी स्पोर्ट्स एडमिनिस्ट्रेटर जैक ओलू कर रहे हैं। यह कमेटी बोर्ड सदस्यों, काउंसिल डेलीगेट्स, खिलाड़ियों और अन्य क्रिकेट हितधारकों की शिकायतों को सुनेगी। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि सभी विवादों को लिखित रूप में संक्षेप में समिति को भेजा जाए ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके।
क्रिकेट केन्या का यह कदम संगठनात्मक स्थिरता और पारदर्शिता की दिशा में अहम माना जा रहा है। चुनाव को आगे बढ़ाने के बावजूद बोर्ड ने यह साफ कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता निष्पक्ष चुनाव और क्रिकेट केन्या के संचालन में सुधार है। आने वाले हफ्तों में यह देखना दिलचस्प होगा कि नई चुनावी प्रक्रिया संगठन में कितना विश्वास बहाल कर पाती है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

