भारतीय टीम एक बार फिर से टेस्ट क्रिकेट में जीत की पटरी पर लौट चुकी है। पिछले साल अप्रत्याशित तरीके से न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घर में मिली हार के बाद अब वापस टीम इंडिया का विजय अभियान शुरू हो गया है।
वेस्टइंडीज की टीम इस समय भारत के दौरे पर आई है। दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेली जा रही है। पहले मैच में टीम इंडिया ने पारी और 142 रनों से जीत दर्ज करके 1-0 की अजेय बढ़त ले ली है।
दूसरा मुकाबला राजधानी दिल्ली में खेला जाना है, जिसके लिए दोनों टीमें जमकर अभ्यास कर रही हैं। भारतीय टीम इस मुकाबले में बदलाव कर सकती है या फिर सेम प्लेइंग इलेवन के साथ उतरेगी। तो चलिए जानते हैं इस आर्टिकल में।
इन खिलाड़ियों को मिल सकती है प्लेइंग इलेवन में जगह

1. केएल राहुल (KL Rahul)
टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज़ केएल राहुल वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज़ में ओपनिंग करते हुए दिख सकते हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेली पिछली टेस्ट सीरीज़ में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। पहले ही मैच में 33 वर्षीय बल्लेबाज़ ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक लगाकर अपनी अच्छी फॉर्म बरक़रार रखी है।
2. यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal)
टीम इंडिया के युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल केएल राहुल के साथ ओपनिंग करते हुए दिख सकते हैं। उन्होंने अपने छोटे से करियर में काफी शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके चलते वह यह ज़िम्मेदारी निभाते हुए दिख सकते हैं। वह पहले मैच में जल्दी आउट हो गए थे, जिसकी भरपाई वह इस मुकाबले में करना चाहेंगे।
3. साईं सुदर्शन (Sai Sudarshan)
इंग्लैंड के खिलाफ अपनी तकनीक और टेम्परामेंट से काफी प्रभावी करने वाले साईं सुदर्शन को नंबर 3 पर मौका दिया जा सकता है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ इंडिया के लिए भी इक्का-दुक्का अच्छी पारियां खेली हैं। इसलिए टीम मैनेजमेंट उन्हें बैक कर रही है। पहले मैच में उन्होंने मिले मौके को गँवा दिया था, इसलिए यह उनका आख़िरी मौका भी हो सकता है।
क्योंकि ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक लगाया था और अगली टेस्ट सीरीज़ तक ऋषभ पंत वापसी कर सकते हैं। इसलिए, अगर वह अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं तो उन्हें साउथ अफ्रीका सीरीज़ में प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप किया जा सकता है।
4. शुभमन गिल (कप्तान) (Shubman Gill)
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में कप्तानी मिलते ही बल्ले से सभी को प्रभावित किया था। पहले मैच में ही गिल ने अच्छी बल्लेबाज़ी की थी, लेकिन वह उसको बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए थे और अर्धशतक लगाकर ही आउट हो गए थे। हालाँकि वह इस बार मौका नहीं जाने देना चाहेंगे।
5. ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel)
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत चोट के चलते इस सीरीज़ से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह पर ध्रुव जुरेल को मौका दिया गया था। भले ही ध्रुव को नियमित रूप से टीम में मौका नहीं मिलता है, लेकिन जब भी उन्हें टीम में जगह दी गई है, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन ही किया है। पहले ही मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक जड़कर अपनी जगह पक्की कर ली थी।
6. रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja)
इस साल की शुरुआत में टीम इंडिया के दिग्गज ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की टीम में जगह पर सवाल उठाए जा रहे थे। लेकिन, इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ और अब वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच के बाद उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया है कि वह अब उपकप्तान बन चुके हैं। 36 वर्षीय ऑलराउंड खिलाड़ी ने पहले टेस्ट में शतक लगाने के साथ-साथ 7 विकेट भी लिए थे।
7. वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar)
ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को रविंद्र जडेजा के साथ टीम में मौका दिया जा सकता है। उन्होंने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। मैनचेस्टर टेस्ट मैच ड्रॉ कराने में युवा ऑलराउंडर का बड़ा योगदान था। पहले मैच में उन्हें भले ही बल्लेबाज़ी का मौका नहीं मिला था, लेकिन गेंदबाज़ी से उन्होंने अच्छा काम किया था।
8. नितीश रेड्डी (Nitish Reddy)
टीम इंडिया के युवा तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर नितीश रेड्डी को भी पहले मैच में मौका दिया गया था। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के दौरान वह चोटिल हो गए थे, जिसके बाद अब फिट होने के बाद उन्हें पहले मैच में जगह दी गई थी। उस मुकाबले में उन्हें कुछ ख़ास भूमिका निभाने का मौका नहीं मिला था। लेकिन जिस कंट्रोल के लिए उन्हें रखा गया था, वही उन्होंने बखूबी निभाया था।
9. कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav)
टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर कुलदीप यादव इस समय अपनी सबसे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। वह हर फॉर्मेट में अपनी गेंदबाज़ी से बल्लेबाज़ों को चकमा दे रहे हैं।
10. मोहम्मद सिराज (Mohammad Siraj)
टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ों की बात की जाए, तो मोहम्मद सिराज खेलते हुए दिख सकते हैं। उन्होंने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ की अच्छी फॉर्म को यहाँ भी बरक़रार रखा है और पहले मैच में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए विंडीज़ टीम की कमर तोड़कर रख दी थी।
11. प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna)
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया जा सकता है। बुमराह ने हाल ही में एशिया कप में हिस्सा लिया था और उसके बाद पहले मैच में भी खेल रहे थे और उनके वर्कलोड को देखते हुए उन्हें इस मैच में आराम दिया जा सकता है।
दिल्ली टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा (उपकप्तान), वाशिंगटन सुन्दर, नितीश रेड्डी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

