Harmanpreet Kaur Becomes Highest Run-Scorer in Women’s ODI World Cup Knockouts: आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 फाइनल में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रच दिया। भारत और दक्षिण अफ्रीका (INDW vs SAW) के बीच खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में हरमनप्रीत ने भले ही 29 गेंदों पर 20 रन ही बनाए, लेकिन इस पारी के साथ उन्होंने महिला वनडे वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इस उपलब्धि के साथ हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व दिग्गज बल्लेबाज बेलिंडा क्लार्क को पीछे छोड़ दिया, जो लंबे समय से इस सूची में टॉप पर थीं। अब यह रिकॉर्ड भारतीय कप्तान के नाम दर्ज हो गया है, जो बड़े मैचों में टीम के लिए अहम योगदान देने के लिए जानी जाती हैं।
हरमनप्रीत कौर बनीं महिला वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज
भारतीय कप्तान का महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप नॉकआउट में प्रदर्शन लगातार बेहतरीन रहा है। वह अब तक नॉकआउट स्टेज की 4 पारियों में 331 रन बना चुकी हैं। इन पारियों में हरमनप्रीत ने कई यादगार प्रदर्शन किए हैं, जिसने भारत की जीत की उम्मीदों को हमेशा मजबूती दी।
हरमनप्रीत कौर के नाम इससे पहले सेमीफाइनल और फाइनल जैसे हाई-प्रेशर मुकाबलों में दमदार पारियां खेलने का इतिहास रहा है। 2017 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी 171* रनों की पारी आज भी महिला क्रिकेट की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक मानी जाती है। उस टूर्नामेंट में उन्होंने फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 51 रन भी बनाए थे।
इसके बाद महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 88 गेंदों पर 89 रन बनाए, जिसमें भारत ने 339 रनों का रिकॉर्ड रन चेज किया था। अब फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 20 रन जोड़े। इस तरह से 4 नॉकआउट पारियों में उनके नाम 331 रन हुए।
अब पीछे रह गईं बेलिंडा क्लार्क
ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज बल्लेबाज बेलिंडा क्लार्क महिला क्रिकेट की सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार रही हैं। वह 6 नॉकआउट पारियों में 330 रन बनाकर लंबे समय तक टॉप पर रहीं। लेकिन अब हरमनप्रीत की नई उपलब्धि ने उनके इस रिकॉर्ड को पीछे धकेल दिया है।
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 महिला बल्लेबाज
- हरमनप्रीत कौर – 331 (4 पारियाँ)
- बेलिंडा क्लार्क – 330 (6 पारियाँ)
- एलिसा हीली – 309 (4 पारियाँ)
- नैट सिवर-ब्रंट – 281 (5 पारियाँ)
- डेबी हॉकले – 240 (5 पारियाँ)
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

