एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026 )के लिए पाकिस्तान ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा करते हुए अनुभवी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को टीम की कमान सँभालने की जिम्मेदारी दी है, जबकि अब्दुल समद को इस टूर्नामेंट के लिए उपकप्तान चुना गया है।
जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम इस गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि, यहाँ पर उनको भारत जैसी मजबूत टीम से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में होगा। ये सभी मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे, जिनमें 10 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मैच आइची प्रीफेक्चर के कोरोगी एथलेटिक पार्क में आयोजित किए जाएंगे।
साहिबजादा फरहान करेंगे टीम का नेतृत्व
पाकिस्तान के 30 वर्षीय खिलाड़ी साहिबजादा फरहान अब तक 46 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 1305 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 10 अर्धशतक भी लगाये हैं। घरेलू क्रिकेट और अलग- अलग टी20 लीगों में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले फरहान को पहली बार इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनके अनुभव और शानदार फॉर्म को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौपीं है।
एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान टीम ने युवा खिलाड़ियों को किया शामिल
वहीं, टीम के उपकप्तान अब्दुल समद अब तक पाकिस्तान के लिए पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई इस टीम में युवा खिलाड़ियों को भी भरपूर मौका दिया गया है। खास बात यह है कि आकिफ जावेद, अली रजा, माज सादाकत और साद मसूद जैसे खिलाड़ी पहली बार बड़े मंच पर खेलते हुए नजर आएंगे। क्योंकि इन चारों ने अभी तक पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। ऐसे में यह टूर्नामेंट उनके लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन प्लेटफार्म साबित हो सकता है।
एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड
साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उपकप्तान), अबरार अहमद, उस्मान खान (विकेटकीपर), अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सादाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब और सूफियान मोकीम ।

