अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए संतुलित स्क्वाड घोषित किया है, जिसमें अनुभव और युवा जोश का शानदार मेल दिखाई दे रहा है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अफगानिस्तान की 15-सदस्यीय टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह विश्व स्तरीय टूर्नामेंट अगले महीने भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। यह टीम इस बड़े टूर्नामेंट से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जिसकी मेजबानी अफगानिस्तान द्वारा की जाएगी।
यह पूरी सीरीज संयुक्त अरब अमीरात में 19 जनवरी से 22 जनवरी तक खेली जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी मिल सके और वे अपनी टीम कॉम्बिनेशन को और मजबूत कर सकें।
राशिद खान को कप्तानी और नवीन उल हक की फिटनेस वापसी
इस बार भी टीम की कमान अनुभवी लेग स्पिनर राशिद खान के हाथ में सौंपी गई है, जो लगातार टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं।
इस स्क्वाड की सबसे बड़ी खबर यह है कि, तेज गेंदबाज नवीन उल हक की वापसी हुई है, जो कंधे की चोट से उबरकर टीम में शामिल हुए हैं। उनके आने से तेज गेंदबाजी विभाग में मजबूती की उम्मीद है और यह वापसी टीम की रणनीति में अहम भूमिका निभा सकती है।
अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा खिलाड़ियों को मिला मौका
ऑलराउंडर गुलबदीन नाइब की वापसी टीम के लिए बड़ा अनुभव लेकर आती है, जबकि मोहम्मद नबी जैसी बड़ी शख्सियत टीम के बैलेंस को और मजबूत बनाती है।
मिडिल ऑर्डर में सेदिकुल्लाह अतल, दारविश रसूली और शाहिदुल्लाह कमाल जैसे बल्लेबाज एक भरोसेमंद विकल्प पेश करते हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज और मोहम्मद इशाक अपनी भूमिका में स्थिर नजर आते हैं और दोनों के प्रदर्शन पर टीम की बल्लेबाजी काफी निर्भर रहेगी।
स्पिन विभाग में राशिद खान के साथ मुजीब उर रहमान और नूर अहमद जैसे नाम शामिल हैं, जो किसी भी पिच पर विरोधी टीमों को परेशान करने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा, तेज गेंदबाजी विभाग में नवीन उल हक के साथ फजलहक फारूकी और युवा अब्दुल्लाह अहमदजई मौजूद हैं, जो गति और नियंत्रण के दम पर प्रभाव डाल सकते हैं।
रिजर्व खिलाड़ियों पर भी टिकी निगाहें
रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में अल्लाह मोहम्मद गजनफर, इजाज अहमदजई और जिया उर रहमान शरीफी शामिल किए गए हैं। इन खिलाड़ियों को मौका भले ही तुरंत न मिले, लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें भविष्य की योजनाओं में अहम मानता है।
20 World Cup 2026 के लिए अफगानिस्तान का पूरा स्क्वाड
राशिद खान (कप्तान), इब्राहिम जादरान (उप कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अतल, दारविश रसूली, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नाइब, मोहम्मद नबी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, नवीन उल हक, फजल हक फारूखी और अब्दुल्लाह अहमदजई।
रिजर्व खिलाड़ी: अल्लाह मोहम्मद गजनफर, इजाज अहमदजई और जिया उर रहमान शरीफी।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

