WPL 2026 में गुजरात जायंट्स वीमेन (GGW) के लिए अहम भूमिका निभा रहीं कनिका आहूजा (Kanika Ahuja) लगातार अपने ऑलराउंड खेल से टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दे रही हैं।
कनिका आहूजा (Kanika Ahuja) भारतीय महिला क्रिकेट की उभरती हुई ऑलराउंडरों में शामिल हैं। वह बाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की ऑफब्रेक गेंदबाज हैं। घरेलू क्रिकेट, WPL और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित मौकों में उन्होंने अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से पहचान बनाई है। WPL 2026 में गुजरात जायंट्स वीमेन (GGW) के लिए खेलते हुए वह मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने वाली अहम बल्लेबाज के रूप में उभरी हैं।
व्यक्तिगत जानकारी (Kanika Ahuja Personal Information)
पूरा नाम: कनिका एस आहूजा
जन्म: 7 अगस्त 2002
जन्म स्थान: पटियाला, पंजाब
उम्र: 23 वर्ष
बैटिंग स्टाइल: लेफ्ट हैंड बैट
बॉलिंग स्टाइल: राइट आर्म ऑफब्रेक
भूमिका: ऑलराउंडर
टीमें: पंजाब वीमेन, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन, गुजरात जायंट्स वीमेन, भारत वीमेन
शुरुआती करियर और घरेलू क्रिकेट
कनिका आहूजा ने पंजाब की घरेलू क्रिकेट संरचना से अपने करियर की शुरुआत की। जूनियर स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते उन्हें सीनियर टीम में जगह मिली। घरेलू टूर्नामेंट्स में उनकी पहचान एक ऐसी बल्लेबाज के रूप में बनी, जो दबाव में भी तेजी से रन बना सकती हैं। कनिका आहूजा ने घरेलू क्रिकेट में अपना डेब्यू 2017-18 सीनियर वीमेंस टी20 लीग में पंजाब की ओर से ओडिशा के खिलाफ किया था। बहुत कम उम्र में सीनियर स्तर पर खेलने का मौका मिलने के बाद उन्होंने लगातार अपने खेल से पहचान बनाई।
इसके बाद 2021-22 वीमेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी में कनिका आहूजा का प्रदर्शन खास तौर पर चर्चा में रहा। इस टूर्नामेंट में वह 15 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 13.13 का रहा, जो उनके ऑलराउंड कौशल को साफ तौर पर दर्शाता है।
इसी टूर्नामेंट में कनिका आहूजा ने अपना सर्वश्रेष्ठ लिस्ट ए गेंदबाजी प्रदर्शन भी दर्ज किया। उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ 10 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट झटके, जो उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा है।
कनिका ने उस टूर्नामेंट में सिर्फ गेंदबाजी से ही नहीं बल्कि बल्लेबाजी में भी में बड़ा योगदान दिया। राजस्थान के खिलाफ उन्होंने 88 गेंदों पर 90 रन की शानदार पारी खेली, जो लिस्ट ए क्रिकेट में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। इस प्रदर्शन ने उन्हें घरेलू क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद युवा ऑलराउंडरों में शामिल कर दिया।
कनिका आहूजा का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
जून 2023 में कनिका आहूजा ने ACC वीमेंस टी20 इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 में इंडिया A टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस टूर्नामेंट में उन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन से खास पहचान बनाई। फाइनल मुकाबले में कनिका को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया, जहां उन्होंने नाबाद 30 रन बनाए और इसके साथ दो विकेट भी हासिल किए। इंडिया A ने यह टूर्नामेंट जीतकर खिताब अपने नाम किया और कनिका का प्रदर्शन इस जीत में निर्णायक साबित हुआ।
इसके बाद सितंबर 2023 में कनिका आहूजा को पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल किया गया। उन्हें एशियन गेम्स में भाग लेने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया। इसी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कनिका आहूजा ने अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। यह मैच बारिश के कारण छोटा कर दिया गया था, लेकिन यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत बन गया।
एशियन गेम्स 2023 सेमीफाइनल में कनिका आहूजा ने एक और WT20I मुकाबला खेला था। इस तरह सीमित मौकों के बावजूद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने करियर की मजबूत शुरुआत की और भारतीय टीम के लिए भविष्य की संभावनाओं के संकेत दिए।
कनिका आहूजा का WPL करियर
प्रतिभाशाली ऑलराउंडर कनिका आहूजा को घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) इतिहास के पहले ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 35 लाख रुपये में खरीदा था।
कनिका ने शुरुआत से ही अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली जीत में उन्होंने 30 गेंदों पर 46 रनों की अहम पारी खेली थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। यह पारी उनके करियर के शुरुआती और यादगार प्रदर्शनों में गिनी जाती है।
हालांकि, चोट के चलते कनिका आहूजा WPL 2024 सीजन से बाहर रहीं, लेकिन उन्होंने 2025 में शानदार वापसी की। वापसी के पहले ही मैच में उन्होंने ऋचा घोष के साथ मिलकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को WPL इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज़ पूरा करने में अहम भूमिका निभाई। उस मुकाबले में उन्होंने 13 गेंदों पर 30 रन बनाए थे और घोष के साथ मिलकर 37 गेंदों पर 93 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई थी।
वीमेंस प्रीमियर लीग के शुरुआती सीजन में कनिका आहूजा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन का हिस्सा रहीं। बाद में वह गुजरात जायंट्स वीमेन से जुड़ीं। WPL में उन्होंने अब तक 18 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 14 पारियों में 132.92 की स्ट्राइक रेट 218 रन बनाए हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत मिडिल ऑर्डर में रन गति बढ़ाना रहा है।
WPL 2026 में कनिका आहूजा का प्रदर्शन
WPL 2025-26 सीजन में कनिका आहूजा गुजरात जायंट्स वीमेन के लिए खेल रही हैं। शुरुआती दो मुकाबलों में उन्होंने क्रमशः 11 गेंदों पर 8 रन और 5 गेंदों पर 4 रन बनाए। लेकिन 13 जनवरी 2026 को मुंबई इंडियंस वीमेन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कनिका आहूजा ने अपनी बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया। सोफी डिवाइन के आउट होने के बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरी कनिका आहूजा ने सिर्फ 18 गेंदों में 35 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 194.4 का रहा।
WPL 2026 में गुजरात जायंट्स वीमेन की बल्लेबाजी में कनिका आहूजा एक अहम कड़ी बनती जा रही हैं। वह ऐसे समय पर रन बनाती हैं, जब टीम को तेजी की जरूरत होती है। यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें मिडिल ऑर्डर में लगातार मौके दे रहा है।
कनिका आहूजा के WPL आँकड़े
बल्लेबाजी और फील्डिंग
मैच: 18
पारियाँ: 14
रन: 218
बेस्ट स्कोर: 46
औसत: 16.76
स्ट्राइक रेट: 132.92
चौके: 24
छक्के: 6
गेंदबाजी
मैच: 18
विकेट: 3
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन: 2/5
इकॉनमी: 8.00
कनिका आहूजा के अन्तर्राष्ट्रीय आँकड़े
WT20I में बल्लेबाजी आँकड़े
मैच: 3
पारियाँ: 2
रन: 16
औसत: 16.0
स्ट्राइक रेट: 114.28
बेस्ट स्कोर: 15
WT20I में गेंदबाजी आँकड़े
मैच: 3
पारियाँ: 1
गेंदें फेंकी: 6
रन खर्च किए: 12
विकेट: 0
इकॉनमी: 12.0
बेस्ट फिगर्स: 0/12
करियर टाइमलाइन (Career Timeline)
घरेलू सीनियर टी20 क्रिकेट डेब्यू: पंजाब वीमेन बनाम उड़ीसा, 2017-18
WT20I डेब्यू: भारत वीमेन बनाम मलेशिया, एशियन गेम्स 2023
WPL डेब्यू: 2023 में
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

