सिडनी सिक्सर्स ने चैलेंजर मुकाबले में दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर फाइनल में जगह बना ली।
बिग बैश लीग 2025-26 (BBL 2025-26) के चैलेंजर मुकाबले में Sydney Sixers ने शानदार खेल दिखाते हुए Hobart Hurricanes को 57 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ सिडनी सिक्सर्स ने एक बार फिर बिग बैश लीग के फाइनल में जगह बना ली और अब उनका सामना पर्थ में पांच बार की चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स से होगा।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में सिक्सर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट पर 198 रन बनाए, जिसके जवाब में हरिकेन्स की टीम 17.2 ओवरों में 141 रनों पर ही सिमट गई।
स्टीव स्मिथ ने फिर लगाया अर्धशतक, मिडिल ऑर्डर ने भी दिखाई ताकत
सिडनी सिक्सर्स की शुरुआत तेज रही, हालांकि डैनियल ह्यूज्स जल्दी आउट हो गए। इसके बाद Steven Smith ने पारी को संभाला और 43 गेंदों पर 65 रन की अहम पारी खेली। स्मिथ ने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया और रन गति को लगातार बनाए रखा।
स्मिथ के आउट होने के बाद मिडिल ऑर्डर ने शानदार फिनिश दी। मोइसेस हेनरिक्स, लैचलन शॉ और जैक एडवर्ड्स ने तेजी से रन जोड़े। इसके बाद Joel Davies ने सिर्फ 12 गेंदों पर 27 रन बनाकर पारी को मजबूती दी, जिससे सिक्सर्स 198 रन के बड़े स्कोर तक पहुंच सके।
हरिकेन्स के रन चेज के दौरान सिक्सर्स के गेंदबाजों ने की घातक गेंदबाजी
199 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए होबार्ट हरिकेन्स की शुरुआत लड़खड़ा गई। मिचेल ओवेन और टिम वॉर्ड जल्दी पवेलियन लौट गए। कप्तान बेन मैकडरमॉट ने जरूर 40 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिल सका।
सिडनी सिक्सर्स के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। मिचेल स्टार्क और सीन एबॉट ने शुरुआती विकेट चटकाए, जबकि बीच के ओवरों में बेन ड्वार्शुइस और जोएल डेविस ने मैच पूरी तरह सिक्सर्स के पक्ष में मोड़ दिया। अंत में हरिकेन्स की टीम 17.2 ओवरों में 141 रन पर ऑलआउट हो गई।
जोएल डेविस बने मैच के हीरो
जोएल डेविस इस मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स के लिए सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे। उन्होंने बल्लेबाजी में 27 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में 17 रन देकर 2 विकेट लिए और इसके साथ ही तीन शानदार कैच भी लपके। इसी बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल में फिर टकराएंगे सिक्सर्स और स्कॉर्चर्स
इस जीत के साथ सिडनी सिक्सर्स फाइनल में पहुंच गई है, जहां उनका सामना पर्थ स्कॉर्चर्स से होगा। यह छठी बार होगा जब सिक्सर्स और स्कॉर्चर्स बिग बैश लीग फाइनल में आमने-सामने होंगे। जहाँ एक ओर पर्थ स्कॉर्चर्स अपनी छठी ट्रॉफी की तलाश में हैं, तो वहीं दूसरी ओर सिडनी सिक्सर्स चौथा खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

