पाकिस्तान पर बड़ी जीत के बाद भारत ने सुपर 8 में जगह बना ली है और अब खिताब बचाने की असली चुनौती शुरू होगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर 8 स्टेज के लिए क्वालीफाई कर लिया है। कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रन की बड़ी जीत ने अगले राउंड में टीम इंडिया की जगह पक्की कर दी। लगातार तीन मैच जीतकर भारत ने ग्रुप स्टेज आसानी से पार कर लिया और अब उनके सामने खिताब बचाने की असली चुनौती शुरू होने वाली है।
भारत को ग्रुप A में अभी अपना आखिरी मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलना है, लेकिन इस मैच के नतीजे से सुपर 8 में उनकी स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि इस टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले से तय है।
ICC के सीडिंग सिस्टम से तय हुआ सुपर 8 ग्रुप
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ICC ने सभी टीमों को सीडिंग नंबर दिए थे और हर ग्रुप से टॉप 2 टीमें सुपर 8 में पहुंचेंगी। भारत को सुपर 8 में ग्रुप X1 में रखा गया है, जहां उसके साथ दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया या जिम्बाब्वे में से कोई एक टीम हो सकती है।
यह ग्रुप काफी मजबूत माना जा रहा है, क्योंकि इसमें पिछले संस्करण की फाइनलिस्ट दक्षिण अफ्रीका और दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज भी शामिल हैं। इसलिए इसे टूर्नामेंट का सबसे कठिन ग्रुप भी कहा जा रहा है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल का रीमैच
भारत सुपर 8 अभियान की शुरुआत 22 फरवरी को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला पिछले टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का रीमैच भी होगा, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। दक्षिण अफ्रीका भी इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में है और अपने सभी ग्रुप मैच जीत चुका है, इसलिए यह मैच बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
दूसरा मैच जिम्बाब्वे से
भारत का दूसरा मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा। ग्रुप स्टेज में आयरलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे ने सुपर 8 के लिए क्वालीफाई किया है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर भी किया था। दूसरी और, जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हारने के चलते कंगारू टीम 17 साल बाद पहली बार ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गए।
वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा भारत का अंतिम सुपर 8 मैच
सुपर 8 स्टेज में भारत का आखिरी मैच 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जाएगा। वेस्टइंडीज पहले ही इस ग्रुप के लिए क्वालीफाई कर चुका है और टी20 क्रिकेट में उसकी ताकत किसी से छिपी नहीं है। यह मुकाबला सेमीफाइनल की रेस के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 में टीम इंडिया का शेड्यूल
- 22 फरवरी – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, अहमदाबाद
- 26 फरवरी – भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई
- 1 मार्च – भारत बनाम वेस्टइंडीज, कोलकाता
सेमीफाइनल के लिए कड़ी टक्कर
सुपर 8 ग्रुप से टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, इसलिए हर मैच का महत्व बहुत ज्यादा होगा। भारत को खिताब बचाने के लिए लगातार मजबूत टीमों को हराना होगा और उनकी कोई भी गलती भारी पड़ सकती है।
भारत ने ग्रुप स्टेज में शानदार शुरुआत की है, लेकिन अब उनकी असली परीक्षा सुपर 8 में होगी। यदि टीम इंडिया मजबूत विरोधियों के बीच अपनी लय बनाए रखती है तो एक बार फिर फाइनल तक पहुंचने की उम्मीद मजबूत हो सकती है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

