बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के लिए अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की। डेब्यू मैच में उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार योगदान दिया। पहली पारी में मानव ने अफगानिस्तान के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया , जबकि दूसरी पारी में एक और विकेट अपने नाम किए। बल्लेबाजी में भी उन्होंने 28 रन बनाए। महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में उनके इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का आवार्ड दिया गया।
मानव सुथार काउंटी क्रिकेट खेलने का सुनहरा मौका मिला
टेस्ट डेब्यू में शानदार प्रदर्शन करने के बाद मानव सुथार अब काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। 23 वर्षीय भारतीय स्पिनर ने वारविकशायर के साथ शॉर्ट-टर्म कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है, जिसके तहत वह काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो मुकाबलों के लिए टीम का हिस्सा होंगे। यह पहली बार होगा जब मानव इंग्लैंड की फेमस काउंटी क्रिकेट में खेलते हुए नजर आएंगे।
इस समझौते की घोषणा करते हुए वारविकशायर ने कहा कि क्लब मानव सुथार को टीम में शामिल करके उत्साहित है। क्लब को उम्मीद है कि भारतीय खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से तुरंत प्रभाव डाल सकते हैं साथ ही टीम के काउंटी चैंपियनशिप खिताब की दौड़ को मजबूत करेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मानव 12 से 15 जून के बीच स्कारबोरो में यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद वह अगले सप्ताह टॉनटन में समरसेट के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में भी वारविकशायर का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
मानव सुथार का फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर
भारतीय टीम अगस्त में अपना अगला टेस्ट मैच खेलने श्रीलंका जाएगी। यह दो मैचों की सीरीज आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। हालिया प्रदर्शन और डेब्यू फॉर्म को देखते हुए, मानव सुथार के टीम में शामिल होने की संभावना लगाई जा रही हैं।
23 साल के राजस्थान के स्पिनर मानव सुथार ने अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 30 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 136 विकेट और 973 रन बनाए हैं। उन्होंने 7 बार किसी पारी में 5 विकेट लिए हैं साथ ही तीन बार किसी मैच में 10 विकेट का कारनामा किया है। बल्लेबाजी में भी मानव ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शतक लगाकर अपनी ऑलराउंड क्षमता को भी दिखाया है।

