विल जैक्स की विस्फोटक बल्लेबाजी और सैम करन की डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने इटली को 24 रन से हरा दिया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप C मुकाबले में इंग्लैंड ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इटली को 24 रन से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की और सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर लिया। इस मुकाबले में विल जैक्स ने शानदार फिफ्टी लगाई और सैम करन एक बार फिर टीम के संकटमोचन बने।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रखा 203 रनों का बड़ा लक्ष्य
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप C मुकाबले में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 202 रन बनाए। टीम की शुरुआत तेज रही लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे जिससे स्कोर बहुत बड़ा नहीं दिख रहा था।
फिल सॉल्ट ने 15 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि टॉम बैंटन ने 30 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान हैरी ब्रूक और जोस बटलर ज्यादा देर नहीं टिक पाए, लेकिन बीच के ओवरों में सैम करन ने 25 रन जोड़कर पारी को थोडा संभाला।
विल जैक्स की तूफानी फिनिश
इंग्लैंड की पारी का असली आकर्षण विल जैक्स रहे, जिन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 53 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए और स्ट्राइक रेट 240 से ज्यादा रहा। उनकी इस तेज पारी ने आखिरी ओवरों में मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और इंग्लैंड 200 के पार पहुंच गया।
इटली की ओर से ग्रांट स्टीवर्ट और क्रिशन कलुगामगे ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन डेथ ओवरों में गेंदबाज रन रोकने में सफल नहीं हो सके।
इटली की खराब शुरुआत लेकिन दमदार वापसी
203 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में दो विकेट गिर गए और टीम दबाव में आ गई। इसके बाद जस्टिन मोस्का ने 43 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन रन रेट बढ़ता गया।
बीच के ओवरों में बेन मनेंटी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 60 रन ठोक दिए और टीम को मैच में वापस ला दिया। उनके बाद ग्रांट स्टुअर्ट ने 23 गेंदों में 45 रन बनाए और अंतिम ओवरों में मुकाबला रोमांचक बना दिया।
डेथ ओवरों में इंग्लैंड का कमाल
इस मुकाबले में इटली को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 30 रन चाहिए थे। इससे ठीक पहले आदिल रशीद 21 रन का ओवर फेंक चुके थे, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की।
सैम करन ने 19वें मात्र 5 रन खर्च किए और खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे ग्रांट स्टीवर्ट का अहम विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया और फिर जेमी ओवरटन ने अंतिम ओवर में आखिरी 2 विकेट लेकर इटली की उम्मीदें खत्म कर दीं।
इस मैच में ओवरटन ने 4 ओवरों में सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट लिए और मैच के सबसे प्रभावी गेंदबाज साबित हुए। उनके अलावा, सैम करन ने भी 3 विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर ने शुरुआती झटके देकर दबाव बनाया।
इंग्लैंड ने 24 रनों से जीत हासिल करके सुपर 8 के लिए किया क्वालीफाई
इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन पर ऑल आउट हो गई और इंग्लैंड ने यह मुकाबला 24 रन से जीत लिया। इटली ने बीच में अच्छी लड़ाई जरूर दिखाई, लेकिन शुरुआती विकेटों का नुकसान और डेथ ओवरों की नाकामी भारी पड़ गई।
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में खेले गए 4 में से 3 मुकाबले जीतकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस ग्रुप से पहले स्थान पर चल रही वेस्टइंडीज की टीम भी पहले ही सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

