CSK vs GT मुकाबले में शुभमन गिल पर गुजरात टाइटंस को अच्छी शुरुआत दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में आज जब चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस (CSK vs GT) की टीमें चेपॉक के मैदान पर आमने-सामने होंगी, तो सबकी नजरें गुजरात के कप्तान शुभमन गिल पर टिकी होंगी। गिल अपनी टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ हैं, लेकिन आज उनके सामने एक ऐसी चुनौती खड़ी है, जिससे पार पाना उनके लिए कतई आसान नहीं होने वाला।
चेन्नई के पास एक ऐसा ‘गुप्त हथियार’ है, जिसके आंकड़े शुभमन गिल के खिलाफ बेहद डरावने हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं कैरेबियाई स्पिन जादूगर अकील हुसैन (Akeal Hosein) की, जिन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पिछले मुकाबले में 4/17 का खतरनाक स्पेल भी फेंका था।
शुभमन गिल की सबसे बड़ी कमजोरी अकील हुसैन
क्रिकेट में अक्सर कुछ बल्लेबाजों के लिए कुछ गेंदबाज ‘काल’ साबित होते हैं और गिल के लिए वो नाम अकील हुसैन है। टी20 क्रिकेट के आंकड़ों पर नजर डालें तो अकील हुसैन ने अपने सामने शुभमन गिल को पूरी तरह खामोश रखा है।
अकील ने अब तक टी20 फॉर्मेट में गिल के खिलाफ कुल 29 गेंदें फेंकी हैं, जिनमें दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज केवल 31 रन ही बना सके हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन 29 गेंदों के भीतर अकील हुसैन ने गिल को 2 बार पवेलियन का रास्ता भी दिखाया है। यानी जब भी अकील गेंद लेकर सामने आते हैं, गिल का स्ट्राइक रेट गिर जाता है और विकेट गंवाने का खतरा भी बढ़ जाता है।
चेपॉक की पिच पर CSK बिछाएगी स्पिन का जाल
आज का मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाने वाला है, जो अपनी धीमी पिच और स्पिनरों की मदद के लिए मशहूर है। दोपहर का मैच होने के कारण पिच और भी सूखी रह सकती है, जिससे अकील हुसैन की गेंदें और भी ज्यादा टर्न लेंगी।
हालांकि, चेन्नई के पास सिर्फ अकील ही नहीं, बल्कि नूर अहमद जैसा मिस्ट्री स्पिनर भी है, जिन्होंने 2025 से बीच के ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। ऐसे में अगर गिल पॉवरप्ले में अकील हुसैन के जाल से बच भी जाते हैं, तो उसके बाद दोनों स्पिनरों की जोड़ी उनकी और गुजरात के मिडिल ऑर्डर की नींद उड़ा सकता है।
गुजरात टाइटंस के लिए मिडिल ऑर्डर का खराब फॉर्म खतरे की घंटी
इस सीजन गुजरात की सबसे बड़ी चिंता उनका मिडिल ऑर्डर (नंबर 5 से 8 तक) है, जिसका औसत इस सीजन में सबसे कम (17.67) रहा है। अगर शुभमन गिल जल्दी आउट हो जाते हैं, तो पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह सकती है। चेन्नई के रणनीतिकार एमएस धोनी और कोच फ्लेमिंग भी यह अच्छी तरह समझते हैं कि अकील हुसैन के जरिए गिल को जल्दी आउट करके मैच पर पकड़ बनाई जा सकती है।
क्या गिल तोड़ पाएंगे चेपॉक का चक्रव्यूह?
शुभमन गिल एक वर्ल्ड क्लास प्लेयर हैं और उन पर अपनी टीम को इस मुश्किल से निकालने की बड़ी जिम्मेदारी है। लेकिन चेपॉक की तपती गर्मी और अकील हुसैन की ‘मिस्ट्री’ के बीच, आज गिल का इम्तिहान काफी कड़ा होने वाला है। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि वह इस इम्तिहान को कैसे पास करते हैं या फिर वह चेन्नई के चक्रव्यूह में फंस जाएंगे।।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

