सनराइजर्स हैदराबाद पर कोलकाता नाइट राइडर्स की जीत ने आईपीएल 2026 की प्लेऑफ रेस को दिलचस्प बना दिया है।
आईपीएल 2026 के 45वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इस सीजन लगातार तीसरी जीत दर्ज की। उन्होंने हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दिन के मुकाबले में मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 8 विकेट से हराया और प्लेऑफ की रेस में अपनी दावेदारी पेश कर ली।
इस मुकाबले से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में सिर्फ 5 अंक थे, लेकिन 2 पॉइंट्स हासिल करने के बाद अब उनकी स्थिति बदल गई है। हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद की स्थिति में कुछ खास फर्क नहीं पड़ा है, लेकिन उनका नेट रन रेट पहले के मुकाबले जरूर कम हो गया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर पॉइंट्स टेबल में मचाई खलबली
कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में हलचल मचा दी है। यह टीम अब 9 मैचों में 3 जीत, 5 हार और 1 नो रिजल्ट के साथ 7 अंकों पर पहुंच गई है। हालांकि, वह अब भी आठवें स्थान पर हैं और उनका नेट रन रेट अभी भी -0.539 है, जो आगे चलकर बड़ा फैक्टर बन सकता है।
बता दें कि, KKR की शुरुआत इस सीजन बेहद खराब रही थी। उन्हें पहले 6 में से 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि एक मैच नो रिजल्ट रहा। इस परिस्थिति के अनुसार वह प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर होती दिख रही थी, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत, LSG के खिलाफ सुपर ओवर में जीत और अब SRH पर मिली जीत ने उन्हें फिर से रेस में ला खड़ा किया है।
अब बचे हुए मैच ही तय करेंगे कोलकाता नाइट राइडर्स की किस्मत
आईपीएल 2026 में अब KKR को 5 मुकाबले और खेलने हैं, जो उनके लिए करो या मरो जैसे होंगे। ये सभी मैच शाम के 07:30 बजे से ही खेले जाएंगे। इस सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के बाकी बचे हुए मैच इस प्रकार हैं:
8 मई: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ, दिल्ली में
13 मई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ, रायपुर में
16 मई: गुजरात टाइटंस के खिलाफ, कोलकाता में
20 मई: मुंबई इंडियंस के खिलाफ, कोलकाता में
24 मई: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ, कोलकाता में
इन मैचों में कम से कम 4 जीत हासिल करना KKR के लिए जरूरी होगा। अगर टीम 4 या 5 मैच जीत जाती है, तो वह 15 से 17 अंकों तक पहुंच सकती है, जिससे प्लेऑफ में एंट्री की मजबूत संभावना बन जाएगी। कोलकाता नाइट राइडर्स अब अपने तीनों होम मैच और कम से कम एक अवे मैच जरूर जीतना चाहेगी।
नेट रन रेट सुधारना भी जरूरी
KKR का मौजूदा नेट रन रेट -0.539 है, जो टॉप टीमों के मुकाबले काफी पीछे है। ऐसे में उनके लिए सिर्फ जीत हासिल करना ही काफी नहीं होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी।
क्योंकि अगर लीग स्टेज समाप्त होने पर दो टीमों के पॉइंट्स बराबर रहते हैं, तो नेट रन रेट ही तय करेगा कि कौन सी टीम टॉप 4 में जाएगी। इसलिए आने वाले मैचों में KKR को डोमिनेटिंग प्रदर्शन करना होगा।
इन टीमों पर मंडराया खतरा
कोलकाता नाइट राइडर्स की इस जीत के बाद सिर्फ उनकी उम्मीदें ही नहीं बढ़ी हैं, बल्कि कई टीमों की टेंशन भी बढ़ गई है। खासकर मिड टेबल में मौजूद टीमें अब दबाव में आ गई हैं।
KKR के आगे बढ़ने का सबसे ज्यादा असर दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स पर पड़ सकता है, जो इस समय 8-8 अंकों पर हैं। अगर KKR अपनी जीत की लय जारी रखती है, तो ये दोनों टीमें जल्दी ही टॉप 4 की रेस से बाहर हो सकती हैं।
इसके अलावा गुजरात टाइटंस भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद GT को भी अब लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि KKR जैसी टीम तेजी से नीचे से ऊपर आ रही है। इसके अलावा, 12 अंकों के साथ चौथे स्थान पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स के लिए भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
अगर कोलकाता नाइट राइडर्स इसी मोमेंटम को जारी रखती है, तो वह इस सीजन की सबसे बड़ी कमबैक स्टोरी बन सकती है। अब हर मैच उनके लिए नॉकआउट जैसा होगा, जहां एक छोटी गलती भी पूरे सीजन पर भारी पड़ सकती है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

