क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने IPL 2026 के बीच ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) के आखिरी चरण के बीच ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। काफी समय से यह चर्चा चल रही थी कि पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के कारण पैट कमिंस (Pat Cummins), मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc), जोश हैजलवुड (Josh Hazlewood) और अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी IPL 2026 को बीच में छोड़कर जा सकते हैं। हालांकि, अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस पर अपना रुख साफ कर दिया है।
क्रिकबज्ज की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पुष्टि की है कि उनके खिलाड़ी पहले अपने IPL कॉन्ट्रैक्ट पूरे करेंगे और बीच सीजन में भारत छोड़कर नहीं जाएंगे। बोर्ड के एक प्रवक्ता ने साफ कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी “अब भी IPL में रहेंगे और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेंगे।”
पाकिस्तान दौरे और IPL शेड्यूल में हो रहा है टकराव
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 30 मई, 2 जून और 4 जून को खेली जानी है। खिलाड़ियों को 23 मई तक इस्लामाबाद पहुंचना था, जबकि IPL 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। ऐसे में दोनों टूर्नामेंट के शेड्यूल आपस में टकरा रहे थे।
फिलहाल, IPL 2026 में करीब एक दर्जन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी खेल रहे हैं। इनमें पैट कमिंस, ट्रैविस हेड, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, कैमरून ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस, मिशेल मार्श, टिम डेविड और कूपर कोनोली जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
प्लेऑफ की रेस में शामिल टीमों को मिली राहत
लीग स्टेज 24 मई को खत्म होगा। उस समय तक कई टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स जैसी टीमें अभी प्लेऑफ की मजबूत दावेदार हैं। ऐसे में पैट कमिंस, ट्रैविस हेड, जोश हेजलवुड और कूपर कोनोली जैसे खिलाड़ियों के अंत तक IPL में बने रहने की संभावना है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अभी तक पाकिस्तान सीरीज के लिए टीम का चयन नहीं कर पाया है। ऐसे में संभव है कि बोर्ड ऐसी टीम चुने, जिससे IPL खेलने वाले खिलाड़ियों के शेड्यूल पर असर न पड़े।
फ्रेंचाइजियों ने भी दिया बड़ा अपडेट
क्रिकबज ने सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स से भी संपर्क किया था। दोनों फ्रेंचाइजियों के अधिकारियों ने साफ कहा कि उनके सभी विदेशी खिलाड़ी पूरे सीजन उपलब्ध रहेंगे और बीच में टीम नहीं छोड़ेंगे।
ऑस्ट्रेलिया की टीम इससे पहले 2022 में पाकिस्तान दौरे पर गई थी। वहीं इस साल की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच T20 सीरीज भी खेली गई थी, जिसे पाकिस्तान ने 3-0 से जीता था।
पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज का शेड्यूल
- पहला ODI – 30 मई को रावलपिंडी में
- दूसरा ODI – 2 जून को लाहौर में
- तीसरा ODI – 4 जून को लाहौर में
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

