केएल राहुल ने IPL इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो आज तक कोई बल्लेबाज नहीं बना पाया था।
आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में भले ही दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मैच में केएल राहुल (KL Rahul) ने अपने नाम एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज कर लिया। राहुल ने अपनी छोटी लेकिन अहम पारी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के लिए 1000 रन पूरे कर लिए।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने केएल राहुल
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में केएल राहुल ने 14 गेंदों पर 23 रन बनाए। इसी दौरान उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए। खास बात यह रही कि उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 23 पारियों में हासिल की।
इसके साथ ही राहुल ने जेपी डुमिनी और ऋषभ पंत का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले डुमिनी और पंत ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 35-35 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे। यानी अब दिल्ली के लिए सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम दर्ज हो गया है।
IPL इतिहास में पहली बार किसी बल्लेबाज ने तीन टीमों के लिए बनाए 1000 से ज्यादा रन
केएल राहुल पिछले कई सालों से आईपीएल में सबसे लगातार रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और यही वजह है कि अब उनके नाम यह बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
राहुल ने पंजाब किंग्स के लिए 2548 रन बनाए थे, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए उनके बल्ले से 1410 रन निकले। अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी उन्होंने 1000 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है।
आईपीएल इतिहास में इससे पहले कोई भी बल्लेबाज तीन अलग-अलग टीमों के लिए 1000 रन नहीं बना पाया था। राहुल ने यह उपलब्धि हासिल कर खुद को लीग के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है।
IPL 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं केएल राहुल
केएल राहुल आईपीएल 2026 में भी लगातार रन बना रहे हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए वह इस सीजन कई अहम पारियां खेल चुके हैं और अब तक 11 मैचों में 468 रन बना चुके हैं।
हालांकि, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन अपनी 23 रनों की छोटी पारी के दौरान उन्होंने इतिहास जरूर रच दिया। राहुल की सबसे बड़ी ताकत उनकी निरंतरता रही है। अलग-अलग टीमों और अलग-अलग परिस्थितियों में भी उन्होंने लगातार रन बनाए हैं।
फिन ऐलन की तूफानी पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने दर्ज की बड़ी जीत
अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवरों में 142/8 का स्कोर बनाया था।
जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सिर्फ 14.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। फिन ऐलन ने 47 गेंदों पर 100* रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत कोलकाता ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

