ETPL 2026: यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग का क्रिकेट फैंस की काफी लोकप्रिय हो गया है। रूल्स ग्लोबल और आयरलैंड क्रिकेट द्वारा आयोजित ETPL 2026 इस टूर्नामेंट का पहला सीजन होगा, जिसमें भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी खेलते हुए नज़र आएंगे।
भारत टीम के पूर्व स्पिन के जादूगर कहे जाने वाले अश्विन ने इस लीग में खेलने की अधिकारिक पुष्टि कर दी है। यह टूर्नामेंट अभिषेक बच्चन द्वारा सह-स्थापित किया गया है साथ ही इस टूर्नामेंट की शुरुआत 26 अगस्त 2026 से होगी। अश्विन इस लीग में डबलिन गार्जियंस फ्रेंचाइजी की तरफ से हिस्सा लेंगे, जहां वह टीम के लिए एक खास रोल भी निभाएंगे।
ETPL 2026 में टीम डबलिन की कमान संभालेंगे आर. अश्विन
रविचंद्रन अश्विन अब भारत के दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ की टीम के साथ जुड़ गए हैं, जिन्हें हाल ही में डबलिन गार्जियंस (Dublin Guardians) फ्रेंचाइजी का मालिक भी घोषित किया गया था।
अश्विन को डबलिन गार्जियंस टीम का कप्तान बनाया गया है साथ ही ETPL 2026 में उनका रोल काफी अहम रहने वाला है। छह टीमों वाली इस लीग में अश्विन की टीम का मुकाबला बेलफास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रॉटरडैम और एम्स्टर्डम की टीम के साथ होगा।
कप्तानी में कितना सफल रहे आर. अश्विन, जानिए आंकड़े
हालांकि रविचंद्रन अश्विन ने अपने करियर में कभी भारतीय टीम की कप्तानी नहीं की, लेकिन वह कई टी20 फ्रेंचाइजी और अपने राज्य तमिलनाडु की टीम का नेतृत्व पहले कर चुके हैं। उन्होंने तमिलनाडु के लिए छह मुकाबलों में कप्तानी की है।
आईपीएल में अश्विन ने किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी 28 मैचों में संभाली थी। इस दौरान टीम को 12 मुकाबलों में जीत मिली, जबकि 16 मैचों में हार झेलनी पड़ी।
हालांकि, तमिलनाडु प्रीमियर लीग में उनका कप्तानी प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने 2024 सीजन में डिंडीगुल ड्रैगन्स को पहली बार चैंपियन बनाया था। खेल को तेजी से पढ़ने और मैदान पर तुरंत फैसले लेने की उनकी क्षमता उन्हें डबलिन टीम के लिए मजबूत कप्तान बना सकती है। इस सफर में उन्हें राहुल द्रविड़ का भी समर्थन मिलेगा, जो आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान के पूर्व कोच की भूमिका में भी रह चुके हैं।
ETPL 2026 फॉर्मेट डिटेल्स
रविचंद्रन अश्विन के लिए ETPL 2026 का सफर काफी दिलचस्प रहने वाला है, क्योंकि यह टूर्नामेंट IPL और PSL जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी लीग्स के मॉडल पर आधारित है।
इस लीग में कुल 33 मुकाबले सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेले जाएंगे। लीग स्टेज के बाद पॉइंट्स टेबल की टॉप- 4 टीमें प्लेऑफ में जगह बनाएंगी, जहां क्वालीफायर 1, एलिमिनेटर, क्वालीफायर 2 और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
हालांकि टूर्नामेंट का पूरा ऑफिसियल शेड्यूल अभी सामने नहीं आया है, लेकिन ईटीपीएल 2026 के मुकाबले नीदरलैंड और आयरलैंड में खेले जाएंगे। वहीं, टूर्नामेंट का फाइनल 20 सितंबर 2026 को आयोजित होने की संभावना है।
- तारीख: 26 अगस्त 2026
- फाइनल: 20 सितंबर 2026
- वेन्यू: नीदरलैंड और आयरलैंड

