आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का 49वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 रनों से जीत दर्ज की।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
पॉवरप्ले में पंजाब किंग्स का टॉप ऑर्डर हुआ फेल
235 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 4 रन के स्कोर पर ही अपने दोनों ओपनर प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह के विकेट गंवा दिए।
इसके बाद टीम को संभालने की जिम्मेदारी कप्तान श्रेयस आयर पर थी, लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
कूपर कनॉली के शतकीय पारी गई बेकार
कूपर कनॉली ने एक छोर संभालते हुए पारी को मजबूती दी और रन गति को बनाए रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें उम्मीद के मुताबिक साथ नहीं मिल सका।
कोनोली ने इस मुकाबले में 59 गेंदों पर शानदार 107 रन की नाबाद पारी खेली, लेकिन उनकी यह बेहतरीन कोशिश भी पंजाब किंग्स को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं साबित हुई।
ईशान किशन और क्लासेन के अर्धशतक ने रखी हैदराबाद के जीत की नीव
इस मुकाबले में ईशान किशन ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को संभाला, खासकर तब जब ट्रैविस हेड जल्दी आउट हो गए। किशन ने 32 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी ने टीम को स्थिरता दी।
दूसरी ओर हेनरिक क्लासेन ने भी शानदार फॉर्म दिखाते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया और 43 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। क्लासेन की इस पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
इनिंग के शुरुआत से ही सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने मचाया कोहराम
पारी की शुरुआत से ही सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने पूरी तरह दबदबा बना लिया और पंजाब के बल्लेबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। टीम के कप्तान पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी , ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

