CSK को आईपीएल के बीच बड़ा झटका लगा है, जब टीम का एक अहम खिलाड़ी अचानक पूरे सीजन के लिए बाहर हो गया। पहले से ही मुश्किलों से जूझ रही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह खबर और परेशानी बढ़ाने वाली है। तेज गेंदबाज खलील अहमद अब बचे हुए मुकाबलों में नजर नहीं आएंगे, जबकि टीम ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
चोट के कारण महीनों तक नहीं खेल पाएंगे क्रिकेट
इस बीच सामने आई जानकारी के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज खलील अहमद क्वाड्रिसेप्स इंजरी के चलते आईपीएल से बाहर हो गए हैं। 14 अप्रैल को केकेआर के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान उन्होंने अपने दाहिने कूल्हे में दर्द की शिकायत की थी।
टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में वह सीएसके के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल थे। एक सूत्र के अनुसार, यह ग्रेड-2 टियर है, जिसमें रिकवरी के लिए कम से कम 10-12 हफ्तों का समय लग सकता है। बाएं हाथ के इस पेसर ने भारत के लिए 11 वनडे और 18 टी20 मैच खेले हैं, उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला जुलाई 2024 में रहा था।
शुरुआती संघर्ष के बाद खलील की दमदार वापसी
तेज गेंदबाज खलील अहमद इस सीजन सीएसके के लिए लगातार सभी मुकाबले खेल रहे थे। शुरुआती तीन मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन चौथे और पांचवें मैच में उन्होंने एक-एक विकेट अपने नाम किया। केकेआर के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में वह चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनके बाहर होने की आशंका जताई जा रही थी, अब इस पर मुहर लग गई है।
पॉइंट्स टेबल में CSK का 8वे नंबर पर मौजूद
इस समय CSK की स्थिति ज्यादा मजबूत नजर नहीं आ रही है। अंक तालिका में टीम आठवें स्थान पर है साथ ही पांच मुकाबलों में सिर्फ दो जीत ही हासिल कर सकी है, जबकि तीन में उसे हार झेलनी पड़ी है। टीम के खाते में फिलहाल चार अंक हैं।
अब चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है, जो हैदराबाद में खेला जाएगा। इस मैच में खलील अहमद टीम का हिस्सा नहीं होंगे, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी जगह किस खिलाड़ी को मौका मिलता है साथ ही टीम कैसा प्रदर्शन करती है।

